जोधपुर.
सीएए व एनआरसी के विरोध में उम्मेद उद्यान भरो आंदोलन संबंधी वायरल संदेशों को मुस्लिम समाज के कई संगठनों ने नकार दिया। अनेक संगठनों व शहर काजी ने संदेशों को गलत करार देकर उम्मेद उद्यान में एकत्रित न होने की अपील की है। उधर, किसी भी संगठन ने आंदोलन के लिए पुलिस से अनुमति तक नहीं मांगी है न ही अनुमति दी गई है। इसको लेकर हाई-अलर्ट पर पुलिस ने संदेश वायरल करने वाले दस लोगों को पाबंद कर अनेक लोगों को नोटिस भी दिए हैं।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रीति चन्द्रा के अनुसार आंदोलन के संबंध में मदद सेवा संस्थान के व्हॉट्सएेप ग्रुप में संदेश वायरल किए गए थे। ग्रुप एडमिन व संस्थान प्रभारी ईदरीश बेलिम को थाने बुलाकर पाबंद कराया गया है। उसने एेसे किसी आंदोलन में शामिल न होने व संदेश वायरल न करने की जानकारी दी है। इसके अलावा, विभिन्न संगठनों से जुड़े आठ से दस लोगों को भी छह-छह माह के लिए सीआरपीसी की धारा 108 में पाबंद किया गया है। कई लोगों को नोटिस देकर कोई भी भडक़ाऊ संदेश वायरल न करने को चेताया गया है।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) धर्मेन्द्रसिंह ने गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित सरदार पटेल सभागार में पुलिस के साथ ही शांति समिति व सीएलजी सदस्यों की बैठक ली। सभी सदस्यों के साथ ही विभिन्न मुस्लिम संगठनों ने आंदोलन के संबंध में जो संदेश वायरल हो रहे हैं उनके बारे में खंडन किया। डीसीपी ने सभी से आग्रह किया है कि सोशल मीडिया पर भडक़ाऊ या आंदोलन संबंधी संदेशों का प्रचार-प्रसार न करें। सोशल मीडिया व इंटरनेट के मार्फत फैलने वाली अफवाहों व संवेदनशील सामग्री पर ध्यान न दें। भडक़ाऊ संदेशों को सोशल मीडिया पर पोस्ट न करें।
भडक़ाऊ संदेश वायरल तो कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के प्रत्येक प्लेटफॉर्म पर साइबर एक्सपर्ट की टीम २४ घंटे नजर रखे हुए हैं। हर संदिग्ध पोस्ट या संदेश को टे्रस किया जा रहा है। यदि कोई धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले संदेश शेयर या वायरल करता है तो उस सदस्य के साथ ही ग्रुप एडमिन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एेसे संदेश आने पर तुरंत पुलिस के व्हॉट्सएेप नम्बर ९५३०४-४०८०० पर सूचना दी जाए।
समर्थन से इनकार : बेलिम
मदद सेवा संस्थान के अध्यक्ष ईदरीश बेलिम ने कहा कि आंदोलन को संस्थान ने कोई समर्थन नहीं किया है। न ही विरोध का आह्वान किया गया है। संस्थान इस प्रदर्शन के खिलाफ है। संस्थान के नाम से एेसे संदेश वायरल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एेसे संदेश सरासर झूठे : शहर काजी
शहर काजी सैयद काजी वाईद अली का कहना है कि प्रदर्शन को लेकर वायरल हो रहे संदेश सरासर झूठे हैं। प्रदर्शन करने वालों का कोई भी संगठन नेतृत्व नहीं कर रहा है। मुस्लिम समाज संदेशों का खंडन करता है। उन्होंने इन संदेशों को लेकर एकत्रित न होने का आह्वान किया है। उधर, जोधाणा मुस्लिम जागरूक मंच के संस्थापक साजिद खान ने वायरल संदेशों को झूठा करार देते हुए समाज के लोगों से एकत्रित न होने की अपील की।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3coiswO
0 comments:
Post a Comment