जोधपुर.
करोड़ों रुपए की जीएसटी चोरी करने के लिए दस्तावेजों में हेरा-फेरी कर अनेक फर्जी फर्में बनाने के मामले में उदयमंदिर थाना पुलिस ने जयपुर की महिला सीए को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया। मास्टर माइंड सीए को एक अन्य मामले में प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार सेवानिवृत्त कर्मचारी झूमरलाल भाटी की तरफ से दर्ज एफआइआर में जयपुर के वैशाली नगर में जगदम्बा मार्ग पर पश्चिम विहार निवासी परिधि पुत्री योगेश जैन को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया और अदालत के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। पुलिस ने पहली बार महिला सीए को गिरफ्तार किया है। जबकि स्टेट जीएसटी विभाग गत सत्रह दिसम्बर को सीए परिधि जैन को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाया था।
गौरतलब है कि करोड़ों रुपए की जीएसटी चोरी करने के लिए शंकर नगर निवासी सीए गौरव माहेश्वरी ने विभिन्न लोगों के दस्तावेजों में कांट-छांट कर न सिर्फ फर्जी फर्में बना ली, बल्कि बैंक में खाते खोलकर करोड़ों रुपए का लेन-देन कर लिया था। इसका पता लगने पर झूमरलाल भाटी ने उदयमंदिर थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था। वहीं, एक अन्य मामला सरदारपुरा थाने में दर्ज हुआ था। पुलिस ने गत नवम्बर में गौरव माहेश्वरी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाया था।
कुल छह मामले दर्ज
मुख्य आरोपी गौरव माहेश्वरी के खिलाफ जीएसटी चोरी करने के लिए फर्जी फर्में बनाने के बारे में पुलिस स्टेशन सरदारपुरा व उदयमंदिर में दो-दो और राजीव गांधी नगर व सदर कोतवाली थाने में एक-एक एफआइआर दर्ज हो चुकी है।
अग्रिम जमानत याचिका खारिज
सीए गौरव माहेश्वरी ने कपिल भाटी की तरफ से दर्ज एफआइआर में गिरफ्तारी से बचने के लिए अग्रिम जमानत याचिका लगाई थी, लेकिन कोर्ट ने उसे खारिज कर दी। अब उदयमंदिर थाना पुलिस ने उसे जेल से फिर गिरफ्तार कर जांच करेगी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/30akafA
0 comments:
Post a Comment