जोधपुर.
मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोश ने लालसागर के पास नृसिंह विहार में गैस गोदाम के पास खाद बीज व्यवसायी के सूने मकान के दिनदहाड़े ताले तोडक़र सिर्फ तेरह मिनट में हजारों रुपए, सोने की दो अंगूठी व अन्य सामान चुरा लिया। चोरों ने ठीक सामने मकान के ताले भी तोड़े, लेकिन मकान मालिक के आ जाने से बगैर कुछ सामान चुराए भाग निकले। फिलहाल मंडोर थाना पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया।
नृसिंह विहार में सेक्टर डी निवासी विनय मनिहार ने बताया कि पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए परिवार के सभी सदस्य शनिवार शाम चार बजे घर से बाहर गए थे। मकान में कोई नहीं था। शाम ७.१० बजे पड़ोसी ने मकान के ताले टूटे होने व घर की सभी लाइटें चालू होने की सूचना दी। पावटा सर्किल पर खाद बीज की दुकान से व्यवसायी विनय व परिवार के अन्य सदस्य तुरंत घर लौटे। मुख्य गेट पर ताला लगा था, लेकिन अंदर वाले दरवाजे खुले थे। इनके ताले टूटे हुए थे। चोर प्रथम मंजिल पर बने व्यवसायी के पिता के कमरे के ताले नहीं तोड़ पाए। उन्होंने दूसरी मंजिल पर कमरे की अलमारी से पचास हजार रुपए, सोने की दो अंगूठी, चार घडि़यां, व्यवसायी व उनकी पत्नी के पर्स चुरा लिए। पत्नी के पर्स में पांच हजार रुपए व व्यवसायी के पर्स में एटीएम व अन्य दस्तावेज थे। अलमारी के ऊपरी हिस्से में लिफाफे में रखे कुछ रुपए व अन्य कीमती सामान सुरक्षित रह गए।
व्यवसायी का कहना है कि चोरों ने ठीक सामने मकान के ताले भी तोड़े। वे अंदर तक पहुंचे, लेकिन मकान मालिक के आ जाने से दोनों मकान से भाग निकले।
दो बार रैकी की, फिर बाइक पर चढ़ अंदर घुसे चोर
व्यवसायी ने मकान के पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तो बाइक सवार दो नकाबपोश नजर आ गए। व्यवसायी के घर से निकलने के बाद शाम साढ़े चार बजे दोनों युवक आए और रैकी की थी। शाम ६.१५ बजे दोनों दुबारा आए। एक युवक मोटरसाइकिल पर बैठा रहा। जबकि दूसरा पैदल ही घूमता रहा। शाम ६.५० बजे चोर घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल पर चढ़ व्यवसायी के मकान में घुसे और शाम ७.०३ बजे चोरी कर बाहर आ गए थे। व्यवसायी ने सीसीटीवी फुटेज और लिखित शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मौका मुआयना भी किया, लेकिन एफआइआर दर्ज नहीं की। पुलिस का कहना है कि चोरी की शिकायत नहीं मिली।
चार से पांच वारदातें, एक भी चोर नहीं पकड़ा
व्यवसायी का कहना है कि लालसागर व बद्री विहार के मकानों में पिछले कुछ महीने में चार से पांच चोरियां हो चुकी हैं। पुलिस में मामले भी दर्ज कराए गए, लेकिन अब तक एक भी चोर पकड़ में नहीं आ सका।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2tV27xE
0 comments:
Post a Comment