जोधपुर. प्याज की नई आवक शुरू होने से प्याज के भावों में उतार आया है। पिछले करीब तीन माह से आसमान छू रहा प्याज नरम पडऩे लगा है। पिछले दो दिनों में प्याज के करीब 20 रुपए टूट गए हैं। होलसेल में 80-95 रुपए व रिटेल में 90-120 रुपए प्रति किलो बिकने वाला प्याज मंगलवार को होलसेल में 50-60 रुपए बिका। रिटेल में उपभोक्ताओं को 80-85 रुपए प्रतिकिलो प्याज मिला। सब्जी विक्रेताओं को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में प्याज के भावों में कमी आएगी। प्याज के भावों में तेजी से भदवासिया सब्जी मंडी में 1-2 गाड़ी ही प्याज आ रहा था। भावों में उतार आने पर मंगलवार को 10 गाड़ी प्याज आया। भावों में तेजी से एकबारगी आम आदमी की थाली से प्याज गायब ही हो गया था।
नासिक की नई व एमपी की फसल की आवक
नासिक की पहली फसल बारिश से खराब हो गई थी। मांग ज्यादा, आपूर्ति कम व पुराना स्टॉक होने की वजह प्याज के भावों में यकायक तेजी आ गई थी। अब नासिक की नई फसल आना शुरू हो गई है। वहीं मध्यप्रदेश के रतलाम, मंदसौर, जावरा, इंदौर की नई फसलों की आवक भी प्याज के उच्चे भावों से राहत दिलाई है। गुजरात के महुआ, भावनगर की फसल से भी भाव कम होने का फायदा मिला है।
जिले में नए प्याज की आवक से मिलेगी राहत
किसानों के अनुसार जिले के 500-1000 हैक्टेयर क्षेत्र में रबी सीजन के प्याज की बुवाई होती है। इसमें भी पौध खराब हो जाने से बुवाई रकबे में कमी अथवा देरी होने की संभावना है। आगामी एक-डेढ माह बाद नए प्याज की आवक शुरू हो जाएगी, इससे काफी राहत मिलेगी।
महिलाएं बोली, और कम होने चाहिए भाव
प्याज के भाव बढऩे से घर के बजट पर असर पड़ रहा था, इसलिए प्याज खरीदना बंद ही कर दिया था। अब प्याज के भाव कम हुए हैं, लेकिन कमी और चाहिए।
रेशमबाला, नौकरी पेशा
पिछले करीब 15 दिनों से प्याज नहीं खरीदे। भाव बढऩे से प्याज बंद कर इसके विकल्प के रूप में टमाटर, खीरा आदि लेने शुरू किए। अब भाव कम हुए, पर इससे और कम होने चाहिए।
निरमा गेवा, गृहिणी
प्याज की नई आवक से भावों में फर्क आ गया है। उम्मीद है आने वाले 4-5 दिनों में प्याज के भाव कम होंगे और आम आदमी को कम दामों में प्याज मिलेगा।
नसीम खान, होलसेल विक्रेता, भदवासिया मंडी
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2P8Bs8I
0 comments:
Post a Comment