जोधपुर.
नारकोटिक्स कन्ट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की जोधपुर इकाई ने जयपुर जिले में एनएच २१ पर बस्सी के राजधोक टोल प्लाजा पर अलग-अलग कार्रवाई में दो ट्रेलर से ८०९ किलो डोडा पोस्त और अफीम का ६१ किलो दूध जब्त कर दोनों चालक को गिरफ्तार किया। दोनों वाहनों से मादक पदार्थ की आपूर्ति जोधपुर के डांगियावास व पीपाड़ शहर में होनी थी।एनसीबी के क्षेत्रीय निदेशक विजेन्द्रसिंह के अनुसार पंचायत चुनाव के मद्देनजर राज्य में मादक पदार्थों की बड़ी खेप आने की सूचना पर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-२१ पर राजधोक टोल प्लाजा पर संदिग्ध वाहनों की जांच की गई। इस दौरान सोमवार को संदिग्ध नजर आए जोधपुर नम्बर के एक ट्रेलर को रोका गया। तलाशी लेने पर उसमें अलग-अलग कट्टों में भरा ८०९.१७ किलो डोडा पोस्त और अफीम का १९.३७० किलो दूध जब्त किया गया। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी चालक का नाम जोधपुर में मोगड़ा कलां निवासी बीरबल पुत्र थानाराम बिश्नोई बताया जाता है।
उधर, ब्यूरो की टीम ने संदिग्ध नजर आए एक अन्य ट्रेलर को रोककर तलाशी ली। उसमें अफीम का ४०.६१ किलो दूध जब्त किया गया। चालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज कर टे्रलर जब्त किया गया। चालक का नाम चिरढाणी निवासी संपतराम पुत्र राणाराम बताया है। एनसीबी ने आरोपी चालक बीरबल बिश्नोई व संपतराम को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें दो-दो दिन के रिमाण्ड पर भेजने के निर्देश दिए गए।
डांगियावास व पीपाड़ में होनी थी आपूर्ति
ब्यूरो का कहना है कि दोनों चालकों से पूछताछ की जा रही है। मादक पदार्थ की तस्करी में लिप्त प्रमुख तस्करों के नाम व पते जानने के प्रयास किए जा रहे हैं। बीरबल बिश्नोई अपने ट्रेलर में डोडा पोस्त व अफीम की खेप झारखण्ड से लेकर आ रहा था और उसे डांगियावास में आपूर्ति देनी थी। वहीं, संपतराम ने आसाम से अफीम का दूध लिया था। जिसे पीपाड़ शहर में पहुंचाया जाना था।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/36MeCdb
0 comments:
Post a Comment