अमित दवे/जोधपुर. प्याज के बेकाबू हुए दामों के अब सब्जियों का राजा कहा जाने वाला आलू भी ताव दिखा रहा है। पिछले 15 दिन में इसके रिटेल दाम 100 फ ीसदी से ज्यादा बढ़ गए है और यह 25-30 रुपए किलो बिक रहा है। पिछले साल दिसंबर के मुकाबले इसकी कीमतें दो से तीन गुना तक बढ़ी है। हालांकि आलू कारोबारी इसे अस्थाई ट्रेंड बता रहे हैं। व्यापारियों का कहना हैं कि नए आलू की आवक शुरू हो गई है और आगामी कुछ दिनों में आलू की कीमतें सामान्य होने की उम्मीद है।
उपभोक्ताओं को मिल रहे 30 रुपए किलो
जोधपुर के रिटेल बाजारों में आलू 25-30 रुपए किलो तक बिक रहा है, जो पिछले हफ्ते 15 से 20 रुपए की रेंज में था। गत वर्ष इस दौरान दिसंबर 2018 में आलू की कीमत 6-10 रुपए किलो थी। आलू कारोबारियों का कहना हैं कि पंजाब से नए आलू की आवक में कमी और बारिश के चलते कई इलाकों में निकासी प्रभावित होने से आलू के दाम बढ़े थे, अब आलू की सामान्य आवक होने से भाव पिछले सप्ताह की तुलना में कम हुए है।
यूपी-पंजाब से आ रहा आलू
आलू व्यापारियों के अनुसार वर्तमान में उत्तर प्रदेश व पंजाब से आलू आ रहा है। दो माह के लिए गुजरात से भी आलू की आवक होती है। नए आलू की सप्लाई दिसम्बर-जनवरी शुरू होती है। आलू के अलावा ज्यादातर हरी सब्जियां भी बारिश और ओलावृष्टि के चलते महंगी हो गई हैं। गोभी, पालक, टमाटर के दाम पिछले दिसंबर के मुकाबले 50-60 फीसदी ज्यादा है।
इनका कहना है
बाजार के हिसाब से आलू के भावों में ज्यादा तेजी नहीं है। पिछले 10-12 दिन में पंजाब में बारिश की वजह से आलू की तैयार नई फसलों को निकाला नहीं जा सका। इसलिए आवक कम हुई व भावों में तेजी आई। आलू के भावों में विशेष तेजी नहीं आएगी, स्थिरता रहेगी।
-राकेश परिहार, होलसेल विक्रेता, भदवासिया मंडी
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2QnZ09j
0 comments:
Post a Comment