विकास चौधरी/जोधपुर. बिना नंबरी लाल रंग की पावर बाइक सवार लुटेरे के खौफ के चलते आमजन का आभूषण पहनकर बाहर निकलना खतरे से भरा हो गया है। पुलिस के लिए चुनौती बन चुके पावर बाइक सवार दो लुटेरे पुलिस की नाकाबंदी व गश्त को ताक पर रख मेडिकल कॉलेज चौराहे के पास मोपेड सवार एक और महिला के गले से सोने की चेन लूटकर भाग निकले। शास्त्रीनगर थाना पुलिस नाकाबंदी कराने के बाद भी हाथ मलते रह गई। डेढ़ माह में चेन लूट की यह पांचवीं वारदात है।
पाल रोड पर मंगलदीप टॉवर निवासी सिख दम्पती रातानाडा स्थित होटल से खाना खाकर गुरुवार रात करीब ग्यारह बजे मोपेड से घर के लिए रवाना हुए। वीर दुर्गादास राठौड़ ओवरब्रिज से उतरकर दम्पती मेडिकल कॉलेज सर्किल के पास पहुंचे। तभी लाल रंग की बिना नम्बर पावर बाइक पर सवार दो में से एक युवक ने झपट्टा मारकर मोपेड के पीछे बैठी महिला के गले से सोने की चेन लूटी और भाग निकले। दम्पती ने बाइक का पीछा किया लेकिन वो अंधेरे में ओझल हो गई। लूट का पता लगने पर पुलिस घटनास्थल पहुंची और तलाश शुरू कराई लेकिन लुटेरे का सुराग नहीं लगा। इस संबंध में फिलहाल एफआइआर दर्ज नहीं की है।
बेबस और लाचार पुलिस
चेन लूट की वारदातों के पीछे पावर बाइक सवार लुटेरा है। पुलिस को अंदेशा है कि एक या दो युवक वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इनको पकडऩे के लिए थानों के अलावा पुलिस की विशेष टीम लगी हैं, लेकिन लुटेरे का सुराग नहीं लगा पाई। सिख दम्पती से चेन लूट के बाद भी पुलिस रातभर पावर बाइक की तलाश करती रही। पुलिस अभय कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेंटर से सीसीटीवी कैमरों के मार्फत शहर में कई जगह पावर बाइक के बारे में जानकारी ली पर कोई सफलता नहीं मिली।
41 दिन में 5 चेन व चार मोबाइल लूट
- 20 सितम्बर : पाली रोड पर शताब्दी सर्किल के पास बाइक सवार महिला के गले से सोने की चेन लूटी। कुडी भगतासनी थाने में 15 अक्टूबर को एफआइआर दर्ज की गई।
- 9 अक्टूबर : केबीएचबी में सेक्टर आठ चौराहे के पास विद्यालय जा रही शिक्षिका के गले से चेन लूटी।
- 12 अक्टूबर : जालोरी गेट सर्किल के पास मोपेड सवार युवक के गले से सोने की चेन लूटी।
- 22 अक्टूबर : केबीएचबी में सेक्टर आठ में पुत्र को स्कूल से लेकर आ रही महिला के गले से चेन लूटी।
- 22 अक्टूबर : गिरधर मंदिर के पास गली में युवक, नई सडक़ पर मिठाई की दुकान के पास श्रमिक और घोड़ों का चौक में एक युवक से नौ घंटे के अंतराल में मोबाइल लूटे। लुटेरा गिरफ्तार।
- 28 अक्टूबर : हाईकोर्ट मुख्य गेट के पास होटल घूमर के बाहर खड़े कुक के हाथ से मोबाइल लूट।
- 31 अक्टूबर : मेडिकल कॉलेज चौराहे के पास मोपेड सवार महिला से चेन लूट।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/34tXM1I
0 comments:
Post a Comment