प्रेम प्रसंग के चलते डिप्रेशन में चल रहे होटल के वेटर ने लगाया फंदा, पढ़ें जोधपुर की यह क्राइम फाइल

पोस्ट पसंद आये तो लाइक जरुर करे ?

वेटर ने होटल में फंदा लगाया
जोधपुर. करवड़ थानान्तर्गत दइजर स्थित होटल के वेटर ने फंदा लगाकर जान दे दी। वह किसी युवती से प्रेम प्रसंग के चलते डिप्रेशन में था। पुलिस के अनुसार शेरगढ़ थानान्तर्गत खिरजा तिबना निवासी श्रवणराम (25) पुत्र रावलराम दमामी बुधवार दोपहर ड्यूटी के बाद वह होटल से निकला और अपराह्न में होटल के बाहर देखा गया था। शाम को रूम पार्टनर कमरे में गया तो श्रवणराम पंखे पर लटका नजर आया। होटल प्रबंधन अधिकारी मौके पर आए तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। मृतक के भाई पारसराम ने मर्ग दर्ज कराया। पुलिस ने महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम करवा शव परिजन को सौंपा। मृतक के मोबाइल में किसी युवती से प्रेम प्रसंग होने की जानकारी मिली है।

गाय से टकराकर गिरे बाइक सवार किशोर की मौत
खाण्डा फलसा थानान्तर्गत उम्मेद अस्पताल के बाहर गुरुवार तडक़े गाय से टकराने के बाद एक मोटरसाइकिल काफी दूर तक किशोर को रगड़ते ले गई। फिर फुटपाथ के पत्थर से सिर टकराने के कारण किशोर की मृत्यु हो गई। उसने हेलमेट पहना होता तो उसकी जान बच सकती थी। पुलिस के अनुसार उम्मेद अस्पताल के सामने डाबड़ी गांव निवासी भवानीसिंह की चाय की थड़ी है। उसका पुत्र बलवीरसिंह (16) भी वहीं काम करता था। बलवीर सुबह साढ़े पांच बजे कोई सामान लेने मोटरसाइकिल से शनिश्चरजी का थान की तरफ जा रहा था। अस्पताल की आपातकालीन इकाई के गेट के सामने तेज रफ्तार मोटरसाइकिल गाय से टकरा गई। वह नीचे गिर गया। इसके बाद बाइक दूर तक उसे रगड़ते ले गई। इस दौरान फुटपाथ किनारे पत्थर से उसका सिर टकरा गया। लोगों ने उसे महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन सिर में गंभीर चोट के कारण उसे मथुरादास माथुर अस्पताल रैफर कर दिया गया। रास्ते में उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने कार्रवाई के बाद शव परिजन को सुपुर्द किया।

युवक से देसी कट्टा बरामद, गिरफ्तार
बनाड़ थाना पुलिस ने एक युवक से देसी कट्टा बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया। अब हथियार देने वाले उसके मित्र की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान बनाड़ रोड पर गुर्जर कॉम्प्लेक्स के पास संदिग्ध नजर आ रहा युवक पुलिस को देख भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर जाजीवाल धोरा निवासी दानाराम ढाका (19) पुत्र मांगीलाल बिश्नोई को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर एक देसी कट्टा बरामद हुआ। आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वह प्रथम वर्ष का छात्र है। प्रारम्भिक पूछताछ में सामने आया कि गुजरावास निवासी नरपत मेघवाल ने उसे फोन कर जरूरी काम के बहाने बनाड़ रोड बुलाया और कुछ दिन रखने के लिए उसे देसी कट्टा दिया और एसयूवी कार से रवाना हो गया। इसके कुछ ही देर बाद पुलिस ने दानाराम को पकड़ लिया।

[MORE_ADVERTISE1]

अफीम तस्कर को दो वर्ष की सजा, 20 हजार का जुर्माना
एनडीपीएस न्यायालय की न्यायाधीश सोनिका पुरोहित ने पंजाब के मोगा जिला स्थित निहालसिंहवाला निवासी गुरूबख्शसिंह पुत्र गुरमेलसिंह को वाणिज्यिक मात्रा से अधिक अफीम का दूध रखने का दोषी मानते हुए दो वर्ष की कैद व 20 हजार रुपए के जुर्माने से दण्डित करने के आदेश दिए हैं। विशिष्ट लोक अभियोजक जगदीश कडवासरा ने अदालत को बताया कि आरोपी द्वारा अवैध अफीम की तस्करी का परिवहन कर अफीम का दूध राजस्थान में ला रहा था। आरोपी की और से मामले मे झूठा फंसाये जाने के कारण बरी करने का निवेदन किया गया।

हिस्ट्रीशीटर सहित दो आरोपी रिमाण्ड पर
सालोड़ी में बजरी के अवैध खनन को लेकर चल रहे विवाद में एक हिस्ट्रीशीटर की हत्या के मामले में गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर व एक अन्य आरोपी को राजीव गांधी नगर थाना पुलिस ने गुरुवार को रिमाण्ड पर भेज दिया। अन्य आरोपियों का सुराग नहीं लग पाया। पुलिस के अनुसार प्रकरण में गिरफ्तार घंटियाला निवासी हिस्ट्रीशीटर मेहबूब खान व केरू निवासी शौकत खान को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच-पांच दिन के रिमाण्ड पर भेजने के आदेश दिए गए। आरोपियों को 11 दिसम्बर को दुबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा।उधर, विवाद के दौरान गोली लगने से दूसरे पक्ष से घायल रईस खान पुलिस संरक्षण में मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती है। छुट्टी मिलने पर उसे भी गिरफ्तार किए जाने की संभावना है।

दूसरी तरफ, फायरिंग में रईस खान के घायल होने के मामले की जांच अभी शुरू नहीं हो पाई है। इस मामले में गणपत जाट आदि आरोपी हैं। गौरतलब है कि गत रविवार मध्यरात्रि बाद सालोड़ी गांव में बजरी के अवैध खनन को लेकर दो पक्ष भिड़ गए थे। मारपीट में घायल महेन्द्रसिंह खाबडा़ की सोमवार शाम निजी अस्पताल में मृत्यु हो गई थी। जबकि गोली से घायल रईस खान मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती है।

[MORE_ADVERTISE2]

ऑनलाइन रुपए ऐंठने का आरोपी युवक गिरफ्तार
सरदारपुरा थाना पुलिस ने इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से खाते से ऑनलाइन रुपए निकालकर धोखाधड़ी करने के आरोपी एक युवक को गुरुवार को गिरफ्तार किया।थानाधिकारी लिखमाराम के अनुसार प्रकरण में लालसागर के दिलीप नगर निवासी मयंक (33) पुत्र भंवरलाल गांधी को गिरफ्तार किया गया है। उसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। उसके खिलाफ क्षितिज सिंघवी ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था। आरोप है कि उसकी कम्पनी में आरोपी मयंक एकाउंटेंट था। जिसके चलते वह कम्पनी के सभी खातों के पासवर्ड आदि के बारे में जानता था। इस जानकारी का दुरुपयोग कर उसने इंटरनेट बैंकिंग के मार्फत ऑनलाइन रुपए निकाल लिए। साथ ही आयकर रिटर्न भी भर दिया था। उधर, सदर बाजार थाने के हेड कांस्टेबल चंचल प्रकाश ने जवाहर खाना क्षेत्र में चाकू लेकर घूम रहे इमरान पुत्र नूर मोहम्मद को गिरफ्तार किया। स्मैक का आदी होने के कारण उसे शाम को कोर्ट में पेश कर जेल भिजवा दिया गया।

नौकरी के लालच में गंवाए 38 हजार रुपए
राजीव गांधी नगर थानान्तर्गत विनायक नगर में एक बेरोजगार युवक ने नौकरी के ऑनलाइन वेबसाइट कम्पनी पर आवेदन कर 38 हजार से अधिक रुपए गंवा दिए। पुलिस के अनुसार विनायक नगर निवासी विकास आनंद शर्मा ने गत दिनों नौकरी के लिए ऑनलाइन एक कम्पनी में आवेदन किया था। 18 अक्टूबर को अनामिका नामक युवती का फोन आया और उसने अपनी वरिष्ठ प्रियंका शर्मा से बात कराई थी। उन्होंने उसे गारंटेड नौकरी का विश्वास दिलाया। फिर उनके झांसे में आकर युवक ने 5199 रुपए व 11999 रुपए जमा करा दिए। फिर सीमेंट कम्पनी के एचआर विभाग के मैनेजर बताने वाले रौनक ने बात की। प्रियंका ने उससे 7999 व 7999 ऑनलाइन नेट बैंकिंग के नाम पर जमा करा लिए। नौकरी न लगने पर उसने आरोपियों को कई कॉल किए। फिर उन्होंने जमा कराए रुपए लौटाने के नाम पर 5265 रुपए और जमा करा लिए। इस प्रकार उससे 38461 रुपए ले गए और नौकरी भी नहीं लगी।

[MORE_ADVERTISE3]

from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2oXmKXV
Share on Google Plus

About Atul

This is a short description in the author block about the author. You edit it by entering text in the "Biographical Info" field in the user admin panel.

0 comments:

Post a Comment