जोधपुर. दीवारें बोलती है...। वह संदेश दे रही है। रक्तदान, जल संरक्षण और न जाने कितने ही संदेश इन दीवारों के जरिये आप तक पहुंचेंगे। अब जरूरत है कि इनसे आप कितना प्रेरित होते हैं। शहर के भास्कर सर्किल से लेकर जेडीए कार्यालय की ओर जाने वाली सडक़ पर 13 हजार स्क्वायर फीट का वॉल आर्ट कुछ दिन पहले ही शुरू हुआ है। रक्षक और उड़ान फाउंडेशन की पहल पर कई युवक-युवतियां अपनी कला का प्रदर्शन करने आ रहे हैं।
एफडीडीआई के शिक्षक और छात्रों की देखरेख में सुबह और शाम 4 घंटे तक कई युवा यहां निस्वार्थ भाव से सेवा दे रहे हैं। युवाओं की मंशा पेंटिंग के माध्यम से समाज कुछ बदलाव लाने की है। अभी दीवार पर चार-पांच दिन पहले ही कार्य शुरू हुआ है। अब दीवारें बोलना शुरू कर चुकी है। कुछ और दिन जब पेंटिंग अपने साकार रूप में होगी तो ये दीवारें अपनी बात बेहतर तरीके से समझा सकेगी।
शहर में पेंटिंग के प्रति क्रेज
शहर में पिछले कुछ समय से पेंटिंग के प्रति युवाओं में क्रेज बढ़ा है। इससे पहले ओलंपिक सर्किल से खतरनाक पुलिया सडक़ पर रेलवे की दीवार पर पेंटिंग की गई थी। अब भास्कर सर्किल के समीप जो पेंटिंग शुरू की गई है उसमें युवाओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
इनका कहना...
एफडीडीआई की ओर से प्रतिदिन क्लास खत्म होने के बाद 40-50 बच्चे अपनी कला का प्रदर्शन करने आते हैं। इस प्रकार की पहल करने के लिए जोधपुर के युवाओं का धन्यवाद।
- डॉ. शिल्पी कुलश्रेष्ठ, एफडीडीआई
मुझे युवाओं का यह आइडिया काफी अच्छा लगा। इसीलिए मैं इससे जुड़ा, बच्चों के खाने-पीने और अन्य व्यवस्था संभालने में काफी अच्छा लगता है।
- नासीर गौरी, वॉलंटियर
रक्तदान की थीम पर पेटिंग कर रही हूं। काफी अच्छा लगता है। किसी पोस्टर और शब्द से अच्छा माध्यम पेटिंग है। इस दीवार पर कई संदेश देते हुए पेंटिंग बन रही है।
- प्रणति चौरडिया, कलाकार
कई सामाजिक मुद्दों पर संदेश देने के लिए यह पहल की गई है। 13 हजार स्क्वायर फीट पर सबसे बड़ा वॉल आर्ट होगा। इसमें सहयोग के लिए खुद युवा आगे आ रहे हैं।
- राहुल धूत, रक्षक फाउंडेशन
जल संरक्षण के साथ ही कई थीम इसमें ली गई है। कई संगठन और छात्र मिलकर काम कर रहे हैं। इसमें रेलवे, नगर निगम व सरकारी तंत्र का भी सकारात्मक सहयोग मिल रहा है।
- वरुण धनाडिया, उड़ान फाउंडेशन
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2OMT8XS
0 comments:
Post a Comment