झुलसी महिला की मृत्यु
मण्डोर थानान्तर्गत पहाडग़ंज की पाबू बस्ती में खाना बनाने के दौरान झुलसी एक नवविवाहिता की बुधवार को महात्मा गांधी अस्पताल में मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार पाबू बस्ती निवासी आरती (20) पत्नी सूरज वाल्मिकी गत 17 अक्टूबर को गैस चूल्हे पर खाना बनाते समय झुलस गई थी। परिजन ने उसे महात्मा गांधी अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती कराया था। पुलिस ने पाली जिले में जैतारण तहसील के मण्डावता निवासी पोकरराम वाल्मिकी की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर शव परिजन को सौंपा। दो महीने पहले ही आरती की शादी सूरज से हुई थी। मृत्यु पूर्व दिए बयानों में उसने खाना बनाने के दौरान झुलसने की जानकारी दी थी।
महिला की संदिग्ध हालात में मौत
बोरानाडा थानान्तर्गत सालावास गांव में घड़ाई नाडी क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पीहर पक्ष ने बुधवार को बोरानाडा थाने में ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताडि़त करने और दहेज के लिए जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया। मामले की जांच सहायक पुलिस आयुक्त भूपेन्द्रसिंह कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार सालावास में घड़ाई नाडी निवासी इन्द्रा (22) पत्नी दिलीप जाट को ससुराल वालों ने मंगलवार को कस्बे के सरकारी चिकित्सालय में भर्ती कराया था। वहां से उसे मथुरादास माथुर अस्पताल रैफर कर दिया। इलाज के दौरान बुधवार देर रात महिला की मृत्यु हो गई। तनावड़ा निवासी मृतका के भाई जगदीश पुत्र खरताराम जाट ने पति दिलीप, ससुर नैमाराम, सास इन्द्रा, दादी सास बुडक़ीदेवी, काकी ससुर पुखराज व काकी सास, देवर मोहन व जितेन्द्र के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया और शव परिजन को सौंपा।
मृतका की शादी तीन साल पहले शादी दिलीप से हुई थी। मृतका के भाई का आरोप है कि दो-तीन महीने बाद ही पति व ससुराल के अन्य लोग दहेज को लेकर उसे प्रताडि़त करने लगे थे। गत सोमवार सुबह इन्द्रा ने मां को फोन कर उसके साथ मारपीट की जानकारी दी थी। दूसरे ही दिन ससुराल पक्ष ने इन्द्रा के सालावास अस्पताल में भर्ती होने की सूचना दी। पीहर पक्ष के लोग सालावास अस्पताल पहुंचे तब तक इन्द्रा को एमडीएम अस्पताल रैफर कर दिया गया था। इलाज के दौरान कुछ देर के लिए होश आने पर इन्द्रा ने जहर देकर मारने की जानकारी दी थी।
दो महिलाओं ने युवती को बातों में लगाया, दो अन्य ने 12 सूट चुराए
शास्त्रीनगर थानान्तर्गत सुभाष नगर में बीएसएनएल ऑफिस के सामने कपड़ों की दुकान में खरीदारी के बहाने चार महिलाएं 12 कीमती सलवार सूट चुराकर ले गईं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिलाओं की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार सुभाष नगर निवासी सोनू गुप्ता की मकान के भूतल में साड़ी व महिलाओं के कपड़ों की दुकान है। गत 16 अक्टूबर की दोपहर चार महिलाएं खरीदारी के लिए आईं। दुकान मालिक ने महिला कर्मचारी के साथ चारों महिलाओं को भूतल में भेज दिया। दो महिलाओं ने कपड़े देखने के बहाने महिला कर्मचारी को उलझा दिया। जबकि दो अन्य महिलाओं ने नजरें बचाकर एक-एक करके करीब 12 सलवार सूट चुराकर कपड़ों में डाल दिए। इसके बाद चारों महिलाएं बगैर कुछ खरीदे वहां से निकल गईं। शाम को दुकान के स्टॉक का मिलान करने पर सलवार सूट कम मिले। सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए तो दो महिलाओं के कपड़े चुराने का पता लग गया। दुकानदार ने अपने स्तर पर तलाश की और फिर थाने में शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2pRu736
0 comments:
Post a Comment