जोधपुर. अंधेरे पर उजाले की जीत व शांति-समृद्धि व आरोग्य के पंचपर्व का शुभारंभ शुक्रवार को दीपदान से हो जाएगा। धनतेरस को सर्वार्थ अमृतसिद्धि योग के साथ कुबेर पूजन एवं खरीदारी के लिए शुक्रवार सुबह से देर शाम तक खरीदारी के श्रेष्ठ मुहूर्त है। पं. ओमदत्त शंकर के अनुसार सुबह 8.11 बजे से 10.58 बजे तक लाभ अमृत चौघडिय़ा, दोपहर 12.07 से 12.44 बजे तक अभिजीत मुहूर्त, दोपहर 12.23 बजे से 1.45 बजे तक शुभ चौघडिय़ा, शाम 4.34 बजे से शाम 5.58 तक चल तथा रात्रि 9.10 बजे रात्रि 10.46 बजे तक लाभ का चौघडि़ए में खरीदारी व पूजन करना उत्तम है।
इस बार धनतेरस का संयोग दो दिनों का बना है। भौम पुष्य के बाद धनतेरस को एक बार फिर बाजारों में जमकर धनवर्षा होगी। शुक्रवार को त्रयोदशी तिथि के साथ सर्वार्थ अमृतसिद्धि का योग होने के कारण व्यापारियों को जबरदस्त खरीदारी की उम्मीद है। विशेष तौर पर इलेक्ट्रॉनिक आइटम, रेडीमेड वस्त्र, घर के साज सजावट से जुड़ी सामग्री, फर्नीचर, ड्राइफ्रूट, साडिय़ां, वाहन आदि वस्तुओं की जमकर बिक्री होने की उम्मीद है। इस बार नौकरी पेशा लोगों व कर्मचारी वर्ग भी सपरिवार जमकर खरीदारी के मूड़ में है।
मध्यमवर्गीय लोगों में धनतेरस के दिन सूर्यनगरी में परम्परानुसार तांबे-पीतल व स्टील के बर्तन के अलावा चांदी के सिक्के खरीदने का प्रचलन रहा है लेकिन रहन-सहन में आए बदलाव व बदलती जरूरतों के अनुसार पारम्परिक खरीद के प्रति लोगों की सोंच भी बदली है। धनतेरस को एलईडी, प्रोपर्टी, फ्लेट, वाहन, साज-सजावट, फर्नीचर, माइक्रोवेव ओवेन, कम्प्यूटर, मोबाइल, नॉनस्टिक रसोई की वस्तुएं आदि के नवीन उत्पादों की शृंखला खरीदने के लिए घरों में बजट के अनुसार विशेष योजनाएं बनाई गई है। धन तेरस का दिन बहीखाते खरीदने के लिए भी शुभ माना गया है।
धनत्रयोदशी को खरीदारी के शुभ मुहूर्त
सुबह 8.11 बजे से 10.58 बजे तक लाभ अमृत
अभिजित मुहूर्त : दोपहर 12.07 से 12.44 बजे तक
दोपहर 12.23 बजे से 1.45 बजे तक शुभ
शाम 4.34 बजे से शाम 5.58 तक चल
रात्रि 9.10 बजे रात्रि 10.46 बजे तक लाभ
यूं मनाएंगे पंचपर्व, पंचपर्व में पांचों दिन होगा दीपदान
सूर्यनगरी के प्रमुख ज्योतिषियों के अनुसार इस वर्ष धनतेरस के दो योग बनने की वजह से सभी खरीदारी शुभ और फलदायी रहेगी। पं. ओमदत्त शंकर ने अनुसार शुक्रवार को त्रयोदशी तिथि तिथि सुबह 10.59 से शुरू होकर शनिवार दोपहर 3.46 बजे तक रहेगी। पर्व के दौरान प्रदोष समय (सायंकाल) में ही दीपदान होता है अत: तिथियों का मान घटने का पर्व पर कोई असर नहीं होगा। आरोग्य के देवता भगवान धनवंतरि जयंती को स्वास्थ्य आरोग्य रूपी धन की कामना की जाएगी। शुक्रवार और शनिवार दोनों दिन खरीदारी को उत्तम माना गया है। धनतेरस को पूरे दिन सर्वार्थ सिद्धि योग सुबह से रात्रि तक रहेगा जो सभी तरह की वस्तुओं की खरीदारी के लिए सवोत्तम माना गया हैं। पंच पर्व में 26 अक्टूबर को रूप चौदस, 27 अक्टूबर को दीपावली, 28 अक्टूबर को अन्नकूट महोत्सव व गोवद्र्धन पूजन तथा 29 अक्टूबर को यम द्वितीया, चित्रगुप्त पूजन और भाई दूज पर्व मनाया जाएगा। सूर्यनगरी के घरों में धनतेरस से भाईदूज तक पंच पर्व के दौरान घर आंगन में प्रतिदिन पूजन दीपमालिकाएं सजाने की तैयारियां पूरी हो गई हैं।
वाहनों की बुकिंग, धनतेरस की पूर्व संध्या में रोशन
धनतेरस की पूर्व संध्या पर दीपोत्सव की रंगत के साथ इस बार देवउठनी एकादशी से आरंभ हो रहे सावों के लिए भी मारवाड़ के विभिन्न अंचलों से लोग खरीदारी के लिए जोधपुर पहुंचे। महिलाओं-बच्चों के साथ युवा वर्ग में भी खरीदारी के प्रति खासा उत्साह नजर आया। रोशनी से जगमग शहर के नई सडक़, जलजोग, सरदारपुरा प्रथम, बी व सी रोड, चौपासनी रोड, जालोरी गेट, गोलबिल्डिंग, त्रिपोलिया बाजार, रातानाडा, महामंदिर , घंटाघर, कटला बाजार, सर्राफा बाजार में लोगों ने धनतेरस की पूर्व संध्या पर जमकर खरीदारी की। प्लॉट, फ्लेट व बंगलों की खरीद के लिए भी बुकिंग में तेजी रही। ऑटोमोबाइल शो रूम्स पर दुपहिया वाहनों-कारों की बुकिंग के लिए भीड़ नजर आई। अधिकांश लोगों ने वाहन डिलीवरी के लिए धनतेरस व दीपावली का दिन चयन किया है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2NgEIN8
0 comments:
Post a Comment