सेतरावा (जोधपुर). निकटवर्ती जैतसर ग्राम पंचायत के अनोपगढ़ के एक मकान में गुरुवार शाम गैस सिलेंडर फटने से हुए विस्फोट में एक जने की मौत हो गई, वहीं दो अन्य घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जोधपुर रैफर किया गया है।
सुमेराराम पुत्र भगाराम सुथार के घर यह हादसा हुआ। गुरुवार को परिवार की महिलाएं रसोई घर में भोजन बना रही थीं। शाम करीब 4 बजे गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई, जिससे अफरा- तफरी मच गई।
आसपास आवाज सुनाई देने से घर में आए हुए मेहमान टंकी की आग पर काबू पाने के लिए दौड़ते हुए दरवाजे तक पहुंचे, इसी दौरान टंकी में विस्फोट हो गया। विस्फोट से टंकी के टुकड़े सीधे दरवाजे से निकलकर अर्जुनराम (35) पुत्र हजारीराम निवासी चेराई के सिर में लगे। जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आई।
इसी दौरान जैतसर निवासी सरूपाराम (38) व चैनाराम ( 35) घायल हो गए। तीनों को सेतरावा राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां अर्जुनराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं सरूपाराम व चैनाराम को अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद108 एम्बुलेंस से जोधपुर रैफर किया गया।
हादसे की सूचना पर देचू थाने के एएसआई हरिसिंह भाटी मय दल अस्पताल पहुंचे व घायलों के बयान लिए। इस बीच शेरगढ़ उपखण्ड अधिकारी महावीरसिंह जोधा भी सेतरावा पहुंचे,उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली। मृतक अर्जुनराम के शव को पोस्टमार्टम के लिए देचू मोर्चरी में रखवाया गया है।
विस्फोट का मंजर
गैस सिलेंडर से हुआ विस्फोट इतना भीषण था कि रसोईघर की दीवारें व दरवाजे दूर जाकर गिरे। गैस टंकी के लोहे के चद्दर टुकड़े - टुकड़े होकर दूर तक जा गिरे। दीवार से पत्थर तक निकल कर गहरी दरारे पड़ गईं।पास के मकान की सीढ़ीयां व अन्य भाग भी क्षतिग्रस्त हो गया।पटवारी सुमन चौधरी द्वारा मौका रिपोर्ट तैयार कर नुकसान का आकलन किया गया।( निसं )
शादी की तैयारियों के बीच हो गई अनहोनी
अनोपगढ़ के जिस घर में गैस सिलेंडर हादसा हुआ उसमें 4 दिन बाद ही होने वाली शादी की तैयारियां चल रही थीं। दर्दनाक हादसे ने सभी को गमी में डूबो दिया। गुरुवार को वर पक्ष के लोग मेहमान के रुप में आए हुए थे, जिनमें से एक मेहमान की इस हादसे में जान चली गयी। अनोपगढ़ निवासी सुमेराराम पुत्र भगाराम सुथार की पुत्री की शादी 6 मई को तय है। पुत्री की सगाई चेराई गांव निवासी सुमेराराम पुत्र राजूराम सुथार के पुत्र के साथ की हुई है।
विवाह समारोह में पुत्री के पहनावे के माप की रस्म निभाने वर पक्ष के लोग चेराई से यहां आए हुए थे। शाम को घर में महिलाएं खाना बना रही थीं, इसी दौरान गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग बुझाने के लिए चेराई गांव से वर पक्ष की ओर से मेहमान रुप में आए अर्जुनराम की जान चली गई। मेहमान की मौत के बाद में शोक की लहर छा गई।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2UW8x7q
0 comments:
Post a Comment