जोधपुर. बजरी माफिया पर कार्रवाई के लिए गठित पुलिस की विशेष टीम ने गुरुवार को पांच जगह से 620 टन बजरी के अलावा बजरी से भरे तीन डम्पर, चार ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त कर लिया। जबकि डांगियावास थाना पुलिस ने बजरी से भरे एक डम्पर के साथ चालक को गिरफ्तार किया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त वीराराम के नेतृत्व में गठित विशेष टीम में शामिल सहायक पुलिस आयुक्त मदनसिंह की टीम ने बनाड़ थानान्तर्गत श्रीयादे नगर (कुम्हारों की ढाणी) के पास सोडेर की ढाणी की तरफ से आ रहे बजरी भरे दो ट्रकों को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ट्रकों को तेज रफ्तार से चलाते हुए कुम्हारों की ढाणी में घुस गए। पुलिस ने पीछा कर दोनों ट्रक रोके लेकिन दोनों के चालक व साथी भाग निकले। दोनों की नम्बर प्लेट पर ग्रीस व ऑयल लगा नम्बर छुपाए गए थे। बनाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नम्बर प्लेटें साफ कर दोनों ट्रक जब्त किए। इस संबंध में एफआइआर भी दर्ज की गई है।
एक अन्य कार्रवाई श्रीयादे नगर से डिगाड़ी की तरफ आने वाली रोड पर की गई। पुलिस ने तेज रफ्तार डम्पर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने प्रेम नगर की गली में निजी स्कूल की तरफ से मोड़ लिया व चलते डम्पर से बजरी खाली कर भागने लगा। पीछा कर रही पुलिस ने डम्पर को रोक लिया। बाद में बनाड़ थाना पुलिस ने बजरी व डम्पर जब्त कर फिटकासनी निवासी चालक अनिल पुत्र पुखराज बिश्नोई को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया है।
सहायक पुलिस आयुक्त हेमंत जाखड़ के नेतृत्व में पुलिस व खनिज विभाग की टीम ने देवनगर थानान्तर्गत निजी अस्पताल के पास श्याम नगर निवासी अशोक कुमार पुत्र मांगीलाल कुम्हार के भूखण्ड में स्टॉक करके रखी अस्सी टन बजरी जब्त की। शहर में विभिन्न जगहों पर सप्लाई के लिए बजरी भरकर खड़े दो ट्रैक्टर भी जब्त किए गए। इनमें नौ टन बजरी भरी थी। ट्रैक्टरों को देवनगर थाना पुलिस ने कब्जे में लिए हैं। पास ही मतोड़ा निवासी ओमाराम बिश्नोई के भूखण्ड से 147 टन बजरी जब्त की गई। बजरी सप्लाई के लिए खड़ा ट्रैक्टर ट्रॉली भी कब्जे में लिया गया है।
पार्क की जमीन पर बजरी का स्टॉक
पुलिस ने पाल रोड पर निजी अस्पताल के पीछे पार्क की जमीन पर स्टॉक करके रखी 299 टन बजरी जब्त की है। मौके से चार टन बजरी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त की गई है। पाल रोड पर ही टॉवर के सामने से 81 टन बजरी सीज की गई है।
बजरी से भरा डम्पर भगाया, पीछा कर पकड़ा
डांगियावास थाना पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान बिरामी गांव में लूनी नदी से बजरी भरकर निकले डम्पर को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक डम्पर को भगाने लगा। पुलिस ने पीछा कर डम्पर पकड़ लिया। पुलिस ने चोरी व एमएमआरडी एक्ट में मामला दर्ज कर डम्पर जब्त कर लिया। दईजर में राइकों का बास निवासी चालक लक्ष्मण सियोज पुत्र आइदानराम जाट को गिरफ्तार किया गया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2YAKVHT
0 comments:
Post a Comment