जोधपुर।
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) शहर की टैक्सटाइल व स्टील इकाइयों से हो रहे प्रदूषण को लेकर सख्त है। इन इकाइयों से निकलने वाला रंगीन पानी खुले में बह रहा है और जोजरी नदी को प्रदूषित कर रहा है। निर्धारित मात्रा से ज्यादा पानी निस्तारित करने वाली इकाइयों पर राजस्थान राज्य प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड भी मौन है। वाटर एण्ड एयर एक्ट 33-ए के तहत राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों पर कार्यवाही करने और धुलाई बंद करने का प्रावधान है। हाल यह है कि विभाग की ओर से जोजरी नदी में प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों की न तो पहचान की जा रही है, न नोटिस देकर पाबंद किया जा रहा है और न ही उनके खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। इससे एनजीटी के आदेश धूमिल होते नजर आ रहे है।
---
इन क्षेत्रों में हो रही है धुलाई
प्रमुख रूप से शोभावतो की ढाणी, जुनावो की ढाणी, लूणी, सालावास, सांगरिया, हैवी इंडस्ट्रियल, लाइट इंडस्ट्रियल, न्यू पॉवर हाउस, बासनी प्रथम व द्वितीय फेज क्षेत्रों मे औद्योगिक इकाइयां संचालित हो रही है। इन क्षेत्रों में एेसी कई इकाइयां है, जो स्वीकृत डिस्चार्ज से अधिक मात्रा में रंगीला पानी छोड़ रही है। कई इकाइयों से पानी पाइप लाइन से बाहर ही बह रहा है। जो जेपीएनटी की पाइप लाइन की बजाए सीधा जोजरी नदी में जा रहा है।
---
जेपीएनटी के पाइल लाइन टूटी हुई
औद्योगिक क्षेत्रों में सदस्य इकाइयों की पाइप लाइन जेपीएनटी की पाइप लाइन से ट्रीटमेंट प्लांट तक जाती है। जेपीएनटी की ओर से लगाई गई पाइप लाइनें व मेनहॉल्स कई जगहों पर टूटे पड़े है। इससे इकाइयों से निकलने वाला पानी पूरी तरह से जेपीएनटी के ट्रीटमेंट प्लांट तक नहीं पहुंच पाता और यह अनुपचारित पानी बीच में निकलकर सड़कों पर बह रहा है या रीको नाले से होता हुआ जोजरी नदी में जा रहा है, जो नदी व आसपास के खेतों को प्रदूषित कर रहा है।
----
अधिकारी नहीं उठाते फोन
इकाइयों से निकलने वाली पानी के जोजरी नदी में बहने के मामले में राजस्थान राज्य प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन ही नहीं उठाया।
---
इकाइयों से निकलने वाले पानी की रोकथाम की कार्यवाही का काम पोल्यूशन कंट्रोल बोर्ड का है। रीको की ओर से सफाई व्यवस्था के लिए समय-समय पर सफाई अभियान चलाया जाता है।
विनीत गुप्ता, वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक
रीको जोधपुर।
--
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2GPMv1s
0 comments:
Post a Comment