बालक ने फंदा लगा खुदकुशी की
जोधपुर. बोरानाड़ा थानान्तर्गत हरिओम नगर में 12 वर्षीय बालक फंदा लगा खुदकुशी कर ली। पुलिस ने रविवार को एम्स में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सुपुर्द करवा दिया। बोरानाड़ा पुलिस के अनुसार हरिओम नगर निवासी स्वरूप सिंह ने का इकलौता पुत्र सवाईसिंह (12) पांचवी कक्षा में पढ़ता था। शनिवार दोपहर स्कूल से घर आने के बाद मां ने पढ़ाई के लिए डांट दिया। इसके कुछ देर बाद दोपहर 3 बजे उसने अपने कमरे की खिडक़ी पर बेल्ट से फंदा लगा खुदकुशी कर ली। बालक के खुदकुशी का पता लगते ही परिजन पड़ोसियों की मदद से उसे एम्स ले गए। जहां डॉक्टर ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया।
----------
ट्रक की चपेट से युवक की मौत
चौपासनी रोड स्थित एक रिसोर्ट के सामने रविवार देर रात ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। राजीव गांधी नगर पुलिस ने अनुसार तुलसी विहार गांगाणा रोड निवासी गिरीश माथुर पुत्र दुल्हेराज माथुर रविवार देर रात बाइक लेकर चौपासनी रोड से घर की तरफ जा रहा था। इस दौरान बाइपास पर पीछे से आ रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दी। उसे गंभीर हालत में एमडीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
----------
युवक पर नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोप
मंडोर थानान्तर्गत एक नाबालिगा के पिता ने पड़ोसी युवक पर देर रात घर में घुसकर नाबालिगा के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगााया है। मंडोर पुलिस के अनुसार क्षेत्र में रहने वाले एक शख्स ने उसकी रिपोर्ट दी कि शनिवार रात को वह अपने परिवार के साथ घर सो रहा था। इस दौरान देर रात उसके पड़ोस में रहने वाला सोहनराम जाट उसके घर आकर नाबालिग पुत्री के साथ छेड़छाड़ करने लगे। उसके पुत्री के चिल्लाने पर वह भाग गया। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ पोक्सो में मामला दर्ज किया है।
---------
बजरी डम्पर के ड्राइवर व मालिक गिरफ्तार
बनाड़ थाना क्षेत्र में रविवार शाम पुलिस जीप को टक्कर मारने वाले बजरी डम्पर के ड्राइवर व मालिक को पुलिस ने लोगों की मदद से पकड़ लिया। आबादी क्षेत्र में तेज रफ्तार से डम्पर चलाने से आक्रोशित लोगों ने पथराव कर डम्पर पर कांच फोड़ दिए। पुलिस ने भीड़ को शांत कर डम्पर ड्राइवर व मालिक को गिरफ्तार कर लिया। बनाड़ पुलिस के अनुसार रविवार शाम डिगाड़ी से शहर की तरफ जा रहे तेज रफ्तार बजरी डम्पर से कई वाहन चपेट में आने से बाल-बाल बचे। इससे आक्रोशित लोगों ने पुलिस को सूचना दी और डम्पर का पीछा करने लगे। इस दौरान डम्पर चालक ने पुलिस जीप को भी टक्कर मार दी। पुलिस ने सारण नगर नाके के पास डम्पर को रुकवाया। डम्पर रुकते ही लोगों ने पथराव कर डम्पर के कांच फोड़ दिए। पथराव से डम्पर ड्राइवर चोटिल हो गया। पुलिस ने भीड़ को हटाने के बाद डम्पर मालिक, नांदड़ा कला में भोमयाजी का थान निवासी अशोक (23) पुत्र बाबूराम और चालक जयंतीलाल पुत्र बाबूलाल बिश्नोई को गिरफ्तार कर डम्पर जब्त किया।
----------
हैकर ने जवान के खाते से 47 हजार रुपए हड़पे
रातानाडा थानान्तर्गत एक जवान के बैंक अकाउंट से हैकर ने 47 हजार रुपए हड़प लिए। रातानाडा पुलिस ने अनुसार बनाड के जाजीवाल धाधला निवासी भानूप्रताप रिणवा ने रिपोर्ट दी कि उसका चचेरा भाई श्रवण रिणवा सेना में सिपाही के पद पर कार्यरत है। उसका रातानाडा में डिफेंस लैब रोड स्थित एसबीआइ बैंक में अकाउंट है। 1 मार्च को उसके मोबाइल पर रात करीब 9 बजे मैसेज आए। जिसमें उसके खाते से किसी ने दो किस्तों में 40 हजार व 7 हजार रुपए निकाल लिए। जबकि उसने अपने खाते व पिन कॉड की जानकारी किसी को नहीं दी।
----------
अवैध टिकट बना रहा ट्रेवल्स एजेंसी संचालक गिरफ्तार
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता टीम ने अवैध टिकट बेचने वाले एक निजी ट्रेवल्स एजेंसी संचालक को गिरफ्तार कर लिया। ट्रेवल्स संचालक से 16 हजार रुपए के 12 टिकट बरामद किए हैं। आरपीएफ के उप निरीक्षक सुरेन्द्रसिंह राठौड़ के नेतृत्व में गठित टीम ने रविवार को दोपहर करीब 3 बजे बाइजी का तालाब स्थित एक कॉम्प्लेक्स में संचालित ट्रेवल्स एजेंसी के कार्यालय पर छापा मार संचालक सोमनाथ चटर्जी को ट्रेन के अवैध टिकट बनाते हुए पकड़ा। छानबीन के दौरान टीम को संचालक की फर्जी मेल आइडी से अलग-अलग स्टेशनों के 12 अवैध टिकट मिले, जिनकी कीमत 16320 रुपए है। आरपीएफ ने चटर्जी का लेपटॉप सीज किया व रेलवे एक्ट के तहत अवैध टिकट के मामले में गैर जमानती वारंट पर उसे गिरफ्तार किया। सोमवार को चटर्जी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
ब्लॉक हुए टिकट, यात्रियों के पैसे डूबे
आरपीएफ द्वारा कार्यवाही के बाद अवैध पकड़े गए सभी 12 टिकट ब्लॉक कर दिए गए है। साथ ही, इससे यात्रियों का आरक्षण कैन्सिल हुआ व उनके पैसे भी डूबे। आरपीएफ व रेलवे की ओर से यात्रियों को कमीशनखोर दलालों से टिकट नहीं खरीदने की अपील की गई है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2H0ZpfC
0 comments:
Post a Comment