जोधपुर.
राज्य सरकार की कृषक ऋण माफी योजना-2019 का जोधपुर में शुभारंभ बोरानाडा ग्राम सेवा सहकारी समिति से हुआ। सहकारी समिति से लोन लेने वाले 157 किसानों का 25 लाख रुपए का ऋण माफ किया गया। शिविर में बड़े किसानों को अधिक फायदा हुआ। छोटे किसान स्वयं को ठगा ठगा सा महसूस कर रहे थे। 157 में से 90 किसान ऐसे थे, जिनका ऋण एक हजार रुपए से भी कम था। किसी का तीन सौ रुपए माफ हुआ तो किसी का पांच सौ। सबसे कम ऋण 5.73 रुपए मुबारक खान का माफ किया गया। मुबारक खान का जुलाई 2018 में 19 हजार 325 ऋण माफ करने के बाद केवल पांच रुपए ही शेष बचे थे। सहकारी समिति के करीब दो दर्जन किसान ही ऐसे थे, जिनका ऋण पांच अंकों में था।
इन किसानों को अधिक फायदा
किसान का नाम -------- ऋण माफ रुपए में
अणदराम -------- 95393
हरकाराम -------- 93332
जस्साराम -------- 92249
गिरधारीराम -------- 88747
दीपाराम -------- 88719
धुड़सिंह -------- 78293
तिलाराम -------- 92474
प्रभारी मंत्री नहीं आए, विधायकों ने कहा लोकसभा के लिए वोट देना है
मुख्यमंत्री का गृह जिला होने के बावजूद जोधपुर में शिविर की शुरुआत फीकी रही। बोरानाडा स्कूल में दोपहर 12 बजे प्रभारी मंत्री लालचंद कटारिया के हाथों शिविर का उद्घाटन होना था, लेकिन दोपहर 1 बजे तक कटारिया नहीं आए। इसके बाद तीन विधायक आए और कार्यक्रम की शुरुआत की गई। बिलाड़ा विधायक हीराराम मेघवाल, शहर विधायक मनीषा पंवार और लूणी विधायक महेंद्र विश्नोई ने अपने संबोधन में किसानों से कहा कि कांग्रेस सरकार उनका ऋण माफ कर रही है। ऐसे में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को ही वोट देना है। मेघवाल ने अपने पंद्रह मिनट के उद्बोधन में कांग्रेस की तारीफों के पुल बांधे। कार्यक्रम में आए कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने राज्य सरकार की योजना के बारे में जानकारी दी।
सरकार जिले में किसानों का 454 करोड़ रुपए माफ करेगी
केंद्रीय सहकारी बैंंक के महाप्रबंधक धनसिंह देवल ने कार्यक्रम में कहा कि राज्य सरकार 30 नवम्बर 2018 के बाद अधिकतम दो लाख रुपए तक का ऋण माफ कर रही है। पिछले साल जिले के 1.14 लाख किसानों के 307 करोड़ रुपए का ऋण माफ हुआ था। इस बाद 1.22 लाख किसानों का 454 करोड़ रुपए का ऋण माफ होगा। शुक्रवार को बिलाड़ा व सरेचा पंचायत समिति में और शनिवार को सेतरावा व सोलंकिया का तालाब में शिविर लगेगा।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2Gg0T4X
0 comments:
Post a Comment