विकास चौधरी/जोधपुर. ऑनलाइन कम्पनी अमेजन के कर्मचारी से आठ लाख रुपए की लूट मामले का पर्दाफाश कर पुलिस ने गांधीधाम (गुजरात) से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक कम्पनी का पूर्व कर्मचारी है और उसी ने मुम्बई में नए साल का जश्न मनाने के लिए लूट की साजिश रची थी, लेकिन उससे पहले पुलिस ने पकड़ लिया।
पुलिस कमिश्नर आलोक वशिष्ठ ने बताया कि गत 24 दिसम्बर को हुई 8.16 लाख रुपए की लूट मामले में मूलत: गुढामालानी (बाड़मेर) थानान्तर्गत मंगला की बेरी, हाल बोरानाडा में बारला बेरा निवासी जोगाराम उर्फ जय बेनीवाल (20) पुत्र महेन्द्रराम जाट और पाल गांव निवासी सम्पत (20) पुत्र भंवरलाल जोशी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से लूट के 6 लाख, 34 हजार, पांच सौ रुपए बरामद किए गए हैं। शेष 1.83 लाख रुपए बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जोगाराम अमेजन में पार्ट टाइमर के तौर पर ऑन लाइन खरीदे गए सामान की डिलीवरी करता था। उसने एक ग्राहक को मोबाइल की जगह डिब्बे में पत्थर डालकर दिया था। कम्पनी ने उससे जुर्माना सहित मोबाइल की कीमत की वसूली शुरू कर दी थी। उसने एक-डेढ़ माह पूर्व नौकरी छोड़ दी थी। दोनों आरोपी कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड स्थित निजी कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष के छात्र हैं।
गौरतलब है कि अमेजन शॉपिंग कम्पनी का कर्मचारी हेमंतपुरी 24 दिसंबर की रात पौने आठ बजे बैग में 8.18 लाख रुपए लेकर मोटरसाइकिल से बासनी गली संख्या आठ के आगे से निकल रहा था। तभी सफेद कार में सवार युवक ने झपट्टा मार बैग लूट लिया था। आरोपियों ने लूट करना स्वीकार किया है। आरोपी जोगाराम मुम्बई में नए साल की पार्टी करना चाहता था। इसीलिए उसने पूरी रैकी के बाद सम्पत के साथ वारदात को अंजाम दिया था। पार्टी करने से पहले सोमवार को पुलिस ने इन्हें पकड़ लिया और गिरफ्तार कर देर रात जोधपुर लेकर पहुंची। दोनों को मंगलवार को कोर्ट में पेश करने पर पांच-पांच दिन के रिमाण्ड पर भेजने के आदेश दिए गए।
कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) अनंत कुमार व एसीपी (पश्चिम) कमलसिंह के निर्देशन में थानाधिकारी संजय बोथरा, उप निरीक्षक जगदीश प्रसाद, हेड कांस्टेबल ईश्वर सिंह, कांस्टेबल नरसिंहराम, स्वरूपराम, मनीष कुमार, रघुवीर व प्रेम चौधरी शामिल थे।
कार से मिले सुराग
डीसीपी मोनिका सेन ने बताया कि वारदात में शामिल कार सीसीटीवी फुटेज में आ गई थी। जांच शुरू की गई तो सामने आया कि आरोपी जोगाराम के पास सफेद कार है। जिसके डाली बाई मंदिर चौराहे तक भागने की पुष्टि हो गई थी। उसके शीशे काले हैं। जांच में पता चला कि उसने वारदात से दो-तीन दिन पहले वारदातस्थल के आस-पास रैकी की थी।
बचने के लिए कार की छत पर काली फिल्म चढ़ाई
सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को कार के संबंध में सुराग मिल गए थे। इससे बचने के लिए आरोपी जोगाराम ने कार की छत पर काली फिल्म चढ़वाकर हुलिया बदलने का प्रयास किया। फिर वो दूसरे आरोपी के साथ गुजरात के माण्डली चला गया था। सूचना मिलने पर पुलिस गुजरात पहुंची और आरोपियों को दबोच लिया गया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2H0mAXU
0 comments:
Post a Comment