जोधपुर. देश के उत्तरी हिस्सों में हो रही बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के असर से सोमवार को भी समूचे प्रदेश में कड़ाके की ठंड रही। जोधपुर में रात का पारा 6.3 डिग्री तक गिर गया। तेज सर्दी होने से लोग दिनभर ठिठुरते रहे। बाहरी खुले इलाकों में सर्दी का असर कहीं अधिक था। उधर, पर्वतीय स्थल माउंट आबू में पारा 0.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहां तेज सर्दी के कारण खुले में रखे पानी में बर्फ की पपडिय़ां जम गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे में जाड़ा और तेज होने का पूर्वानुमान है।
सूर्यनगरी में बीती रात जनवरी की सबसे ठंडी रात रही। न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री पर पहुंच गया। हवा में अत्यधिक नमी और ठंडी बयार चलने से सर्दी का असर दुगुना हो गया। आसमान साफ रहने से जल्द ही सूरज निकल आया, लेकिन सर्दी अधिक होने से लोग धूप में भी धूजने लग गए। दिनभर तेज सर्दी रही। शहर के बाहरी इलाकों में कड़ाके की सर्दी की वजह से लोगों की हालत खराब हो गई। फुटपाथ पर रहने वाले लोग काफी परेशान रहे। उधर अपने कार्य स्थलों से देर रात लौटने वाले को भी सर्दी ने छकाए रखा। दोपहर में पारा 22.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। शाम ढलने के बाद मौसम में फिर से तेज सर्दी हो गई। रात में कडकड़़ाती सर्दी के बीच अधिक शहर के अधिकांश व्यस्ततम मार्गों पर सन्नाटा सा पसरा रहा।
जैसलमेर और बाड़मेर में भी तेज सर्दी रही। जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री और अधिकतम 22.7 डिग्री रहा। बाड़मेर में रात का पारा 8.8 डिग्री और दिन का 24.3 डिग्री मापा गया। मैदानी क्षेत्र चूरू में रात का पारा आधा डिग्री रहा।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2MDW4To
0 comments:
Post a Comment