बीएलओ से तस्दीक करवा कर ही जोड़ें नाम
मतदाता सूचियों का पुन:रीक्षण...निर्वाचन आयोग के उपायुक्त ने वीसी में दिए निर्देश
जोधपुर.
निर्वाचन आयाग के उपायुक्त संदीप सक्सेना ने शुक्रवार को वीडियों कांफ्रेंस के दौरान राज्य के निर्वाचन अधिकारियों को मतदाता सूची के पुन:रीक्षण में दोहरे नाम और पते सम्बंधी गलतियों से बचने के लिए बीएलओ से तस्दीक कराने के बाद ही मतदाता सूची में नाम जोडऩे के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची त्रुटिहीन व गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए। विधानसभा चुनाव के दौरान शहर कंट्रोल रूम में 80 प्रतिशत शिकायतें दोहरे नाम और पते सम्बंधी आई थी।
भारत निर्वाचन आयोग के उपायुक्त संदीप सक्सेना ने शुक्रवार को शाम पांच बजे मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा के लिए वीडियों कांफ्रेंस से निर्वाचन विभाग के अधिकारी, सभी संभागीय आयुक्त और जिला निर्वाचन अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2019 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नए मतदाता के नाम जोडऩे, मृत व्यक्तियों के नाम हटाने, स्थानांतरित मतदाताओं की समीक्षा के बाद मतदाता सूची में संशोधन करें। इस दौरान दोहरे नाम शामिल नहीं हो, मतदाताओं की स्पष्ट फोटो, उनके एड्रेस की स्पष्ट जानकारी के लिए बीएलओ से तस्दीक करवाएं। मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण अभियान में दावे एवं आपत्तियां 26 दिसम्बर से 25 जनवरी तक मांगी जाएंगी। मतदाता सूचियों के संबंधित भाग की प्रविष्टियों का 12 जनवरी व 19 जनवरी को ग्रामसभा या स्थानीय निकाय एवं आवासीय वेलफेयर सोसाइटी के साथ बैठक आयोजित कर पठन और सत्यापन किया जाएगा।
राजनैतिक दलों के बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं के साथ दावे एवं आपत्तियों के आवेदन पत्र 13 जनवरी और 20 जनवरी को लिए जाएंगे। 11 फरवरी तक दावे एवं आपत्तियों का का निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद 22 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। वीडियों कांफ्रेंसिग में मुख्य निर्वाचन अधिकारी आनंद कुमार, अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. जोगाराम, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद पारीक तथा संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी (आईटी) एम एम तिवाड़ी उपस्थित थे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2Spl0jT
0 comments:
Post a Comment