जोधपुर। प्रधानमंत्री की चुनावी सभा को लेकर चल रही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को ताक पर रख कार में सवार तीन युवकों ने रविवार देर रात पाली रोड पर जेएनवीयू न्यू कैम्पस के सामने स्लीपर बस पर पथराव व लाठी-सरियों से हमला कर दिया। बस के शीशे फोड़ दिए। काफी देरी से शास्त्रीनगर थाना पुलिस के मौके पर पहुंचने तक हमलावर भाग निकले।
नोखा (बीकानेर) निवासी चालक बजरंग सिंह ने बताया कि वो यात्रियों से भरी बस लेकर बीकानेर से अहमदाबाद जा रहा था। मध्यरात्रि करीब बारह बजे वह न्यू कैम्पस के मुख्य गेट के पास पहुंचा तो पीछे से आई कार ने ओवरटेक कर बस रुकवाई। कार में यात्री होने के भ्रम में चालक ने बस रोक दी। तभी कार से तीन युवक लाठी व सरिए लेकर नीचे उतरे और बस पर हमला कर दिया। युवकों ने बस के साइड वाले सारे शीशे फोड़ डाले। साथ ही लाठी-सरिए से वार कर आगे वाला शीशा भी फोड़ दिया। अचानक धमाकों से बस में सो रही महिलाएं, बच्चे व पुरुष एकदम उठे और घबरा गए।
चालक ने पुलिस को बताया कि बस में लूटपाट करने की नीयत से बदमाश आए थे, लेकिन बस का मुख्य दरवाजा नहीं खुल सका और चीख-पुकार मची तो बदमाश भाग गए। करीब दो घंटे के बाद दूसरी बस मौके पर पहुंची और सवारियों को दूसरी बस में शिफ्ट कर भेजा गया। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2E1IBCX
0 comments:
Post a Comment