जोधपुर. मारवाड़ की राजनीति का केन्द्र जोधपुर एक बार फिर बदलाव का साक्षी बना। 20 साल बाद कांग्रेस की लहर में 10 में से 7 सीटें पंजे की पकड़ में आई। जिले में 1998 के बाद पहली बार कांग्रेस 4 का आंकड़ा पार कर पाई है। 1998 में कांग्रेस ने 9 में से 8 सीटें जीती थी। वर्ष 2003 में 3, 2008 में 4 और 2013 में कांग्रेस महज एक सीट पर ही सिमट गई थी। इस बार 10 में से 7 सीटें कांग्रेस ने अपने खाते में डाली है। 2013 में 10 में से 9 सीट पर जीत दर्ज करने वाली भारतीय जनता पार्टी की झोली में इस बार सिर्फ 2 सीटें आई हैं। भोपालगढ़ की सीट राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के खाते में आई है। कई सीटों पर निर्दलीय व रालोपा के प्रत्याशियों ने समीकरण बिगाड़े।
जिले की 10 सीटों में कांग्रेस के खाते में सरदारपुरा, जोधपुर शहर, लूणी, शेरगढ़, लोहावट, ओसियां और बिलाड़ा आई है। जबकि भाजपा के खाते में महज दो सीटें फलोदी व सूरसागर आई। रालोपा के पुखराज गर्ग भोपालगढ़ के त्रिकोणीय मुकाबले में सीट निकाल कर ले गए। फलोदी, शेरगढ़, लूणी, ओसियां, बिलाड़ा और भोपालगढ़ सीट का गणित बागियों व अन्य दल के प्रत्याशियों ने बिगाड़ा। भाजपा के खाते में जो दो सीटें आई वह भी राउंड दर राउंड कई उठापटक का शिकार हुई। जिले में सबसे बड़ी जीत पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दर्ज की है। कांग्रेस की लहर में जिले के दो निर्वतमान मंत्री, संसदीय सचिव व तीन बार से लगातार विधायक बाबूसिंह राठौड़ भी हार गए।
मंत्री-दिग्गज हारे
- लोहावट से भाजपा प्रत्याशी व मंत्री गजेन्द्रसिंह खींवसर को करारी हार का सामना करना पड़ा। उन्हें कांग्रेस के किसनाराम विश्नोई ने हराया। वे लगातार दो बार से यहां विधायक थे और राज्य सरकार में केबिनेट मंत्री।
- भोपालगढ़ से भाजपा प्रत्याशी व राज्यमंत्री कमसा मेघवाल को भी हार का मुंह देखना पड़ा है। वे तीसरे स्थान पर रहीं। यहां रालोपा के पुखराज गर्ग जीते हैं।
- संसदीय सचिव व ओसियां से भाजपा प्रत्याशी भैराराम चौधरी को हार का सामना करना पड़ा। यहां मदेरणा परिवार के नए चेहरे दिव्या मदेरणा ने जीत दर्ज की है।
इन्होंने बनाया जीत का रिकॉर्ड
- जीजी ने लगाया जीत का ***** : सूरसागर से भाजपा प्रत्याशी सूर्यकांता व्यास ने छठी जीत का रिकॉर्ड बनाया है। उनकी लगातार चौथी जीत है। कई राउंड की उठापटक के बाद आखिरकार वयोवृद्ध व्यास सीट निकालने में सफल हुई।
- गहलोत का पावर पंच : पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सरदारपुरा सीट से लगातार पांचवी बार जीते हैं। इस बार उनका जीत का आंकड़ा जिले में सर्वाधिक रहा है।
नए चेहरों ने साकार किया कांग्रेस का सपना
- लोहावट से कांग्रेस के नए चेहरे किसनाराम विश्नोई ने नया चेहरा होते हुए भी दिग्गज को पटखनी दी और ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। जिले में उनकी दूसरी बड़ी जीत रही।
- ओसियां में कांग्रेस के नए चेहरे दिव्या मदेरणा ने त्रिकोणीय मुकाबले में सीट निकाली है।
- जोधपुर शहर में कांग्रेस ने ओबीसी कार्ड खेलते हुए मनीषा पंवार को टिकट दिया। मनीषा ने सीट निकाल कर जातिगत समीकरण सिद्ध किए।
- लूणी से विश्नोई परिवार की तीसरी पीढ़ी महेन्द्र विश्नोई चतुष्कोणीय मुकाबले में सीट निकालने में सफल रहे। वे भी पहली बार मैदान में उतरे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2Lc3k8t
0 comments:
Post a Comment