जोधपुर. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से कृषि मंत्रालय की रिपोर्ट का हवाला देकर ट्वीट के माध्यम से लगाए आरोप का जवाब देते हुए केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत ने कहा कि जिन्हें खुद कृषि का ज्ञान नहीं उनको गंभीरता से नहीं लिया जा सकता। यहां पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि नोटबंदी में किसानों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि यह रिपोर्ट कैबिनेट के पास नहीं गई है। स्टैंडिंग कमेटी की रिपोर्ट का हवाला देकर लोकसभा के पटल पर नहीं रखा गया है। ऐसी गोपनीय रिपोर्ट के हवाले से आरोप लगाना गलत है। उन्होंने कहा कि जो बाजरे व मक्के की फसल में फर्क नहीं कर सकते वह आरोप लगा रहे हैं। नवम्बर में नोटबंदी हुई जबकि रबि की फसल में गेहूं को छोड़ सभी फसलें अक्टूबर माह तक बुवाई जाती है। नोटबंदी के समय किसानों को परेशानी न हो इसीलिए प्रावधान किया था कि बीज व खाद के लिए किसान पुराने नोट उपयोग में ले सकते हैं।
आंकड़ों में रखी बात
शेखावत ने कहा कि नोटबंदी से पूर्व 2015-2016 में गेहंू का बीज 95 लाख क्विंटल, सभी फसलों को मिलाकर कुल 304 लाख टन बीज बिका जबकि नोटबंदी के वर्ष में यह आंकड़ा क्रमश: 124 लाख क्विंटल व 348 लाख टन था। 2015-16 में 304 लाख हैक्टेयर के मुकाबले नोटबंदी वर्ष में 307 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बुवाई हुई। वहीं सभी फसलों को मिलाकर 2015-16 में 687 लाख हेक्टेयर के मुकाबले नोटबंदी वर्ष में 710 लाख हेक्टेयर में बुवाई हुई। 2015-16 में गेहूं उत्पादन 922 लाख टन था, नोटबंदी वर्ष में यह 985 लाख टन हो गया।
सभी बागियों को मना लेंगे
शेखावत बोले-भाजपा के जो भी बागी हैं उनको गुरुवार तक मना लिया जाएगा। ऐसे में हम कम से कम नुकसान का आकलन कर रहे हैं। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने बागियों के कारण बीकानेर में आमजन को हुई परेशानी पर कांग्रेस नेताओं को जनता से माफी मांगने की बात कही।
भाजपा का नहीं, कांग्रेस का वादा
पैराशूट उम्मीदवार के बारे में भाजपा ने कोई वादा नहीं किया था। कांग्रेस में वादा हुआ लेकिन फिर भी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस पर कैंची नहीं चला पाए। कांग्रेस ने 50 प्रतिशत महिलाओं को टिकट देने की बात कही, ऐसा नहीं हुआ। अधिक आयु वर्ग वालों को टिकट नहीं देना भी भाजपा का मुद्दा नहीं होने की बात कही।
टोंक सीट पर घेरना हमारी रणनीति
हिंदुत्व के मुद्दे के सवाल पर कहा कि यदि ऐसा होता तो युनूस खान को भी टिकट नहीं मिलता। लेकिन टोंक से उनको लड़ाना हमारी स्ट्रेटजी थी। वे अपने ससुराल में गए हैं और जीत कर आएंगे। आगामी चुनावों मे सीटों के बारे में पूछने पर बोले, यह बात तो सिर्फ जादूगर करते हैं और वे जादूगर नहीं है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2Q7JIaD
0 comments:
Post a Comment