जोधपुर. ऐतिहासिक मेहरानगढ़ में बुधवार से सजने वाले पांच दिवसीय सुरों के सतरंगी कारवां में इस बार विदेशी कलाकारों के साथ फ्यूजन संग लोक संस्कृति के रंग निखरेंगे तो फिर एक बार रवायत की रंगोली भी सजेगी। इसका आगाज बुधवार सुबह मसूरिया पहाड़ी पर वीर दुर्गादास स्मृति उद्यान में हुआ। यहां शहर के विभिन्न स्कूलों के करीब तीन हजार से अधिक बच्चे लोक कलाकारों से रू-ब-रू हुए। देसी धुनों पर विद्यार्थी खुद को नाचने से रोक नहीं पाए। वहीं सूफी गायक शफ ी सोपोरी, मोहम्मद मुनिम व अलीफ बैंड के मुख्य कलाकार सहित कश्मीर के अन्य कलाकार बुधवार शाम 7.30 से 10 बजे तक सिटी कंसर्ट में प्रस्तुति देंगे।
जोधपुर रिफ के निदेशक दिव्य भाटिया ने बताया कि रिफ में इस बार 325 से अधिक देशी-विदेशी कलाकारों के माध्यम से विश्व की विभिन्न संगीत संस्कृतियों का समागम होगा। मुख्य मंच पर 27 अक्टूबर को शाम 8.30 बजे शास्त्रीय गायिका शुभा मुद्गल फेस्टिवल में ‘बारह मासा’ पेश करेंगी। समारोह का समापन जसवंत थड़ा पर 28 अक्टूबर को अलसुबह गायिका विद्याराव के निर्गुण भक्ति संगीत की प्रस्तुति के साथ होगा। वरिष्ठ अदाकारा सुगणा गुरुवार शाम 5.45 बजे बतौर लिविंग लेजेन्ड रूबरू होंगी। जैसलमेर के दापू खां कमायचा वादन करेंगे। उस्ताद विलायत खान के सबसे छोटे पुत्र हिदायत हुसैन खान की प्रस्तुति जसवंत थड़ा पर शुक्रवार सुबह 5.30 से 7.30 बजे तक होगी। शनिवार सुबह 5.30 बजे पेम्पे खान सुरनाई, युवा संगीतज्ञों आसीन खान लंगा सिन्धी सारंगी और दर्रा खान मांगणियार कमायचा के साथ जुगलबंदी करेंगे।
ये भी मचाएंगे रिफ में धूम
दक्षिण अफ्रीका के ग्रेमी अवार्ड विजेता म्यूजिशियन और कम्पोजर वाउटर कैलरमेन के अलावा ईरान, आस्ट्रेलिया व पुर्तगाली कलाकारों के साथ राजस्थानी कलाकार प्रस्तुति देंगे। गीतकार माकन अश्गवारी पर्शियन संगीत से रू-ब-रू कराएंगे। पुर्तगाल के फेडिस्ता संगीतकार अन्ना पिन्हाल, लॉस एंजेल्स के डीजे प्लेयर जोस मार्कर वेस्टर्न व बीट नंबर से क्लब मेहरान में देर रात्रि तक देशी विदेशी संगीत रसिकों को थिरकने पर मजबूर कर देंगे। आस्ट्रेलिया मेलर्बन के म्यूजिशियन बुश गोथिक, जेन पीटरसन भी ‘रिफ’ के मुख्य रशलर होंगे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2RcHtQ8
0 comments:
Post a Comment