जोधपुर.
फाइनेंस कम्पनी की किस्तें बकाया होने पर सीजर ने ट्रक जब्त किया। विनती के बाद भी ट्रक न छोडऩे और घरवालों के उलाहना देने पर जब सीजर दुबारा आए तो एक युवक ने डीपीएस बाइपास पर सीजर की बोलेरो कैम्पर में तोडफ़ोड़ कर दी। इसका बदला लेने के लिए सीजर गैंग ने गुरुवार सुबह सात बजे डीपीएस चौराहा स्थित ढाबे पर बैठा चाय पी रहे युवक पर घात लगाकर हमला कर दिया और चारों तरफ से घेरकर फायरिंग की। साथ ही तलवार से भी हमला किया गया। एक गोली जांघ में और दूसरी हाथ व बगल के बीच छूकर निकल गई। तलवार से भी चोट आई। उसे मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिलेभर में नाकाबंदी के बावजूद काली एसयूवी में सवार हमलावर पकड़ में नहीं आ सके। बोरानाडा थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास व आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर देर रात एक युवक को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार पाल निवासी राजूराम (२८) पुत्र केसाराम देवासी पर गोलियां चलाई गईं हैं। फायरिंग करने वालों में दिलीप सिंह आकोरिया, सुरेन्द्र सिंह, राजू जाणी, मोंटू उर्फ मंसूर अहमद, हनुमानराम आदि बताए जाते हैं। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) अनंत कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त (बोरानाडा) सिमरथाराम व बोरानाडा थाना प्रभारी मुकुट बिहारी अस्पताल और मौके पहुंचे। हमलावरों की तलाश के प्रयास शुरू किए। देर रात मूलत: बिरलोका (नागौर) हाल रातानाडा में पांच बत्ती निवासी सुरेन्द्र सिंह (२२) पुत्र अमर सिंह को गिरफ्तार किया गया। अन्य की तलाश में टीमें जगह-जगह दबिश दे रही है।
पुलिस जांच में निकला ट्रक सीज का विवाद
एडीसीपी अनंत कुमार ने बताया कि फायरिंग करने वाले चोला मण्डलम फाइनेंस कम्पनी के सीजर हैं। राजू देवासी के रिश्तेदार महेन्द्र देवासी का ट्रक किस्तें बकाया होने पर मंगलवार को सीजर उठाकर ले गए थे। तब राजू ने पीछा भी किया था। सीजर से ट्रक छोडऩे की विनती भी की, लेकिन ट्रक को बाड़े में डाल दिया गया। फाइनेंस कम्पनी के साथ कार्य कर चुके होने से घरवालों ने राजू से नाराजगी भी जताई। इस बीच, सीजर बुधवार को बाइपास पर दुबारा आए तो राजू व अन्य ने उन पर हमला कर दिया। उनकी बोलेरो कैम्पर तोडफ़ोड़ कर डाली थी, लेकिन पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई। जांच में ट्रक ले जाने का मामला सामने आने पर चौहाबो थाने में महेन्द्र देवासी की तरफ से सीजर गैंग पर लूट का मामला भी दर्ज किया गया है।
पूरी योजना के साथ हमला बोला
राजू रोज सुबह डीपीएस ढाबे पर बैठकर चाय पीता है। तोडफ़ोड़ का बदला लेने के लिए आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से सुबह वहां हमला बोल दिया। राजू ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उस पर गोलियां चलाई। तलवार से भी हमला किया गया। पुलिस को मौके से एक खाली व एक जिन्दा कारतूस बरामद हुआ है।
तलाश में नाकाबंदी, गुड़ा से ओझल हमलावर
काली कार में सांगरिया फांटा की तरफ भाग निकले। पुलिस ने जिले में नाकाबंदी करवाई। गुड़ा विश्नोइयान तक हमलावर का पीछा होता रहा, लेकिन इसके बाद वे गायब हो गए। आस-पास के क्षेत्र में आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सीजर गिरोह के खिलाफ होगी कार्रवाई
एडीसीपी अनंत कुमार का कहना है कि गैर बैंकिंग फाइनेंस कम्पनियों ने किस्तें न चुका पाने वाले वाहनों को जब्त करने के लिए सीजर गिरोह बना रखे हैं। जो कानून गलत हैं। इनमें शामिल लोगों का पुलिस सत्यापन भी नहीं हो रखा है। एेसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ट्रक जब्त करने में कम्पनी के अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2CcDpv5
0 comments:
Post a Comment