अविनाश केवलिया/जोधपुर. भाजपा के वरिष्ठ नेता पाली जिले के रणकपुर में जुटे हुए हैं। जोधपुर जिले सहित मारवाड़ की 33 सीटों पर मंथन हुआ है। दावेदार तलाशने के साथ यहां मुख्य रूप से कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम भी किया जा रहा है। बड़े नेता अपने कार्यकर्ताओं से यह भी पूछ रहे हैं कि कांग्रेस हमें किन मुद्दों पर घेर सकती है यह भी बताओ।
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी सहित केन्द्रीय नेतृत्व और चुनाव प्रबंधन समिति कार्यकर्ताओं से फीडबैक ले रही है। पहले दिन जोधपुर जिले की 7 विधानसभा सीटों का फीडबैक लिया गया। इसके बाद सोमवार को दूसरे दिन 3 सीटों पर रायशुमारी हुई। बड़े नेताओं ने जहां संभावित दावेदारों के नाम लिए, वहीं यह सुझाव भी मांगा कि कांग्रेस किन मुद्दों पर फील्ड में आरोप लगा सकती है, वह भी बताओ और उनका जवाब कैसे दिया जा सकता है यह भी सुझाव मांगे गए।
एंटी इनकमबेंसी के लिए 3-टीयर ग्राउंड सर्वे
भाजपा एंटी इनकमबेंसी को कम करने के लिए 3-टीयर ग्राउंड सर्वे कर रही है। कार्यकर्ताओं से लिया जा रहा फीडबैक इसी का हिस्सा है। इसमें एक चरण में आमजन से ग्राउंड में फीडबैक लिया जाएगा। दूसरे चरण में उनके प्रभारी खुद फील्ड में जाकर हकीकत देखेंगे। तीसरे चरण में कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेना है जो अभी रणकपुर में चल रहा है।
मुद्दे जो सामने आ रहे
महंगाई : पेट्रोल-डीजल के दाम बढऩे का मुद्दा लोगों में चर्चा में है। कार्यकर्ता बता रहे हैं कि आमजन में यह प्रचारित हो रहा है।
बजरी : बजरी खनन पर रोक का मुद्दा भी गर्माया हुआ है। हालांकि यह न्यायिक आदेश है। लेकिन कार्यकर्ताओं से मिल रहे फीडबैक को बड़े नेताओं के सामने रखा गया है।
विधायकों की कार्यशैली : कई विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान विधायकों की कार्यशैली से भी लोग खफा है। कई जनप्रतिनिधि काम नहीं होने के आरोप भी लगा रहे हैं।
स्थानीय मुद्दे : ऐसे मुद्दे जो निहायती स्थानीय होते हैं और इन्हें स्थानीय स्तर पर ही विपक्ष भुनाता है। सडक़, पानी और बिजली के साथ अतिक्रमण भी गांवों में प्रमुख मुद्दा है।
लाभार्थियों को करो टारगेट
फीडबैक लेने के साथ ही भाजपा आलाकमान अपने कार्यकर्ताओं से लाभार्थियों को टारगेट करने को कह रहा है। ऐसे लोगों की सूचियां भी विधानसभावार थमाई गई है। मंडल स्तर व बूथ स्तर पर इन सूचियों पर काम करने को कहा जा रहा है। बीते दिनों जयपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लाभार्थी संवाद में गए लोगों से भी सम्पर्क कर इनको पक्ष में करने के लिए टारगेट किया जा रहा है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2CNEdaH
0 comments:
Post a Comment