अमित दवे/जोधपुर. देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए जोधपुर पसंदीदा पर्यटन स्थल है। मेहरानगढ़ देश के प्राचीनतम किलों में से एक है और भारत के समृद्धशाली अतीत का प्रतीक है। किले में भव्य महल, नक्काशीदार झरोखें, भव्य द्वार, बुर्ज, किवाड़, जालियां व कारीगरी पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। दुर्ग को निहारे बिना हर पर्यटक की जोधपुर यात्रा अधूरी मानी जाती है। इसके अलावा जसवंतथड़ा और उम्मेद भवन का स्थापत्य देखने भी लाखों पर्यटक यहां आते हैं। यानी जोधपुर आने वाले सैलानी यहां की ऐतिहासिक इमारतों, संस्कृति, धरोहरों व परम्पराओं से तो रूबरू होते ही हैं, हेरिटेज टूरिज्म के साथ अपना जोधपुर अब इको-टूरिज्म की ओर भी बढ़ रहा है। प्राचीन धरोहरों के साथ ही शहर में नए पर्यटन स्थल विकसित हुए हैं जो इको-टूरिज्म की थीम पर हैं।
1- हर दूसरा पर्यटक आ रहा माचिया बायोलॉजिकल पार्क
कायलाना क्षेत्र में स्थित माचिया जैविक उद्यान पर्यटकों को सर्वाधिक आकर्षित कर रहा है। शहर में आने वाला हर दूसरा पर्यटक माचिया पार्क की सैर कर रहा है। 20 जनवरी 2016 में इसका उद्घाटन हुआ। क्षेत्रीय वन अधिकारी अशोक पंवार के अनुसार, माचिया वनखण्ड का कुल क्षेत्रफल 713.89 हैक्टेयर है। इसमें 42 हैक्टेयर में माचिया बायोलॉजिकल पार्क है। इसमें वन्य जीवों को रखने के लिए 20 पिंजरों का निर्माण किया गया है। अब तक 9,61,781 देशी-विदेशी पर्यटक आ चुके हैं। इनसे करीब 2.71 करोड़ रुपए की आय हुई है।
2- राव जोधा डेजर्ट पार्क बना आकर्षण का केंद्र
मेहरानगढ़ दुर्ग की तलहटी पर रानीसर-पदमसर तालाब के पास स्थित पहाड़ी क्षेत्र में राव जोधा डेजर्ट पार्क पर्यटकों के लिए आकर्षण बन रहा है। करीब 72 हैक्टेयर में विकसित इस पार्क में चारों ओर हरियाली है। पर्यटकों व आमजन के लिए फरवरी 2011 में पार्क खोला गया। नाम के अनुरूप ही पार्क में थार, शुष्क जलवायु में उगने वाले पौधों के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे, औषधीय पौधे हैं। पार्क में मरुस्थली क्षेत्रों में पाए जाने वाले जीव-जन्तु भी हैं।
3- निखरे रूप में लुभा रहा राजकीय संग्रहालय
उम्मेद उद्यान स्थित जोधपुर राजकीय संग्रहालय जीर्णोद्धार के बाद पुन: गत 21 जून को खोला गया। संग्रहालय अधीक्षक बीए मौर्य के अनुसार, संग्रहालय में राजस्थान की संस्कृति को दर्शाती विभिन्न कलाकृतियां व ऐतिहासिक वस्तुएं हैं। संग्रहालय में स्मारक वस्तुएं, लघु चित्र, शिक्षा प्रकोष्ठ, शिकार व प्रकृति, शस्त्र व शस्त्रागार, मूति दीर्घा, जैन कलादीर्घा सहित आकर्षक वस्तुओं का प्रदर्शन किया गया है। 22 जुलाई से 31 अगस्त तक 1985 पर्यटक संग्रहालय विजिट कर चुके हैं।
ये भी बन सकते हैं हॉट डेस्टिनेशन
1- कायलाना झील
माचिया पार्क के पास होते हुए भी पर्यटक कायलाना झील देखने नहीं जाते। सुविधाएं विकसित हो तो पर्यटक कायलना झील निहारने जा सकते हैं।
2- संत चिडिय़ानाथ स्मृति मरु गंगा उद्यान
कायलाना झील व माचिया पार्क के बीच संत चिडिय़ानाथ स्मृति मरु गंगा उद्यान है। बदहाल स्थिति की वजह से उद्यान वीरान पड़ा है।
3- पनप रहा ब्ल्यू सिटी टूरिज्म
वर्तमान में पर्यटकों का सबसे अधिक फोकस भीतरी शहर ब्ल्यू सिटी पर है। कई गेस्ट हाउस संचालक साइकिल पर बैठाकर सैलानियों को ब्लू सिटी के नजारे दिखाते हैं। पर्यटकों की दृष्टि से ब्ल्यू सिटी में कुछ सुविधाएं विकसित हो तो, जोधपुर पर्यटन की नई ऊंचाइयां छू सकता है।
4- पग-पग पर झालरे-बावडिय़ां
प्राचीन समय में बने शहर के व्यवस्थित जल स्त्रोत कुएं, बावड़ी, तालाब आदि पर्यटकों के लिए आकर्षण के केन्द्र हैं। इनकी दशा सुधरे तो ये नए पर्यटन स्थल बन सकते हैं।
दाग भी कम नहीं लगे
जोधपुर आने के प्रति जहां पर्यटकों में क्रेज हैं, वहीं विदेशी पर्यटकों के साथ छेडख़ानी की घटनाओं से शहर शर्मसार भी हुआ।
- वर्ष 2005 : ऑटो चालक व उसके साथी ने जर्मनी से घूमने आई पर्यटक से बलात्कार किया था। अदालत ने दोनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
- वर्ष 2014 : मण्डोर उद्यान में घूम रही विदेशी महिला पर्यटक को प्राचीन देवल दिखाने का झांसा देकर एक युवक सूनी जगह ले गया था और फिर उसके साथ बलात्कार का प्रयास किया। मण्डोर थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर चौबीस घंटे में कोर्ट में चालान पेश किया था।
- सितम्बर 2016 : रातानाडा की एक होटल के कमरे में लाइट ठीक करने के लिए बुलाए गए इलेक्ट्रिशियन ने स्पेन की महिला पर्यटक से बलात्कार का प्रयास किया था। रातानाडा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में चालान पेश किया था।
- वर्ष 2016 : घंटाघर क्षेत्र में पैदल घूम रही विदेशी महिला से स्थानीय दुकान के एक कर्मचारी ने छेड़छाड़ की थी। सदर कोतवाली थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में चालान पेश किया था।
- वर्ष 2018 : भीतरी शहर में पैदल जा रही विदेशी महिला पर्यटक से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने छेड़छाड़ की। पुलिस में कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया।
- 25 सितम्बर 2018 : मण्डोर उद्यान में विदेशी महिला पर्यटक से स्थानीय युवक ने छेड़छाड़ की। महिला पर्यटक ने एफआइआर दर्ज कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने युवक को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया था। जिसे बाद में जमानत पर छोड़ दिया गया।
हर साल लाखों पर्यटक आते हैं मेहरानगढ़ निहारने
वर्ष--------- विदेशी------- देशी
2014-15-- 134025----- 937028
2015-16-- 135432----- 1014785
2016-17-- 143818----- 936787
2017-18-- 154417----- 987706
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2xQ5nc4
0 comments:
Post a Comment