... और धू-धू कर जल गया कई घरों तक बिजली पहुंचाने वाला ट्रांसफॉर्मर, देखें VIDEO

पोस्ट पसंद आये तो लाइक जरुर करे ?

भोपालगढ़, (जोधपुर)।

जोधपुर जिले के भोपालगढ़ कस्बे के आसोप की ओर जाने वाले मार्ग पर कुंभारा गांव की कांकड़ स्थित राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड के 220 केवी विद्युत स्टेशन में शुक्रवार रात एक ट्रांसफार्मर में शार्ट सर्किट के कारण अचानक भीषण आग लग गई। जिसकी वजह से पूरा ट्रांसफार्मर धू-धू कर जल गया और मौके पर आग बुझाने की कोई व्यवस्था अथवा दमकल नहीं होने की वजह से लाखों रुपए कीमत का यह ट्रांसफार्मर देखते ही देखते राख बन गया।

बाद में पीपाड़ व बिलाड़ा नगर पालिका तथा खारिया खंगार स्थित बिड़ला व्हाइट संयंत्र से बुलाई गई दमकलों की मदद से देर रात आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक पूरा ट्रांसफार्मर जल चुका था। इस दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

वहीं दूसरी ओर ट्रांसफार्मर जलने की वजह से क्षेत्र के आसोप हल्के के करीब दर्जन भर से अधिक गांवों में विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो गई है।

जानकारी के अनुसार कस्बे से निकलकर आसोप की ओर जाने वाले मार्ग पर कुंभारा गांव से पहले राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम का 220 केवी विद्युत स्टेशन बना हुआ है। जहां पर शुक्रवार की रात करीब नौ-साढ़े बजे शॉर्ट सर्किट की वजह से यहां के एक करीब 20-25 एमबीए के विद्युत ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई।

देखते ही देखते ट्रांसफार्मर से आग की जोरदार लपटें उठने लगी और यह धू-धू कर जलने लगा। इस दौरान विद्युत स्टेशन पर मौजूद सहायक अभियंता राजाराम व कनिष्ठ अभियंता अजीत चौधरी ने निगम के उच्चाधिकारियों को इस संबंध में सूचित किया और आग बुझाने की व्यवस्था करने की मांग की। साथ ही उन्होंने भोपालगढ़ पुलिस थाने एवं तहसील प्रशासन को भी इस घटना के बारे में सूचना देकर मदद का आग्रह किया।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मिट्ठूलाल एवं नायब तहसीलदार डॉ. कैलाश इनाणिया मय पुलिस जाब्ते के तत्काल मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के बंदोबस्त शुरू किए। साथ ही पीपाड़ शहर व बिलाड़ा नगर पालिका तथा क्षेत्र के खारिया खंगार स्थित बिड़ला व्हाइट संयंत्र से दमकलों को भी मौके पर बुलाया। लेकिन वहां से इन दमकलों को विद्युत स्टेशन तक पहुंचने में करीब घंटे भर का समय लग गया। जिसके चलते उनके आने तक लाखों रुपए कीमत का ट्रांसफार्मर जलकर राख हो गया।

रात करीब 10 बजे के बाद दमकलें मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कवायद शुरू की। इस दौरान राह चलते ग्रामीणों एवं सूचना मिलने पर भोपालगढ़ व कुम्भारा आदि गांवों से भी ग्रामीणों की खासी भीड़ जुट गई, लेकिन इनमें से कोई भी आग बुझाने के लिए नजदीक जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया और पुलिस व प्रशासन ने भी सुरक्षा के लिहाज से लोगों को नजदीक नहीं आने दिया।

वैसे आग भी इतनी भीषण थी, कि इसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगी। करीब घंटे भर की मशक्कत के बाद रात करीब 11.30 बजे ट्रांसफार्मर की आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका, लेकिन बावजूद इसके देर रात तक आसपास के कृषि नलकूपों से दमकलों को पुन: भर-भरकर ट्रांसफार्मर पर छिड़काव किया जा रहा था, ताकि जले हुए ट्रांसफार्मर का तापमान संतुलित किया जा सके।

इस बीच देर रात जोधपुर से राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड के अधिशासी अभियंता आरपी गुप्ता भी भोपालगढ़ के लिए रवाना हो गए थे। देर रात तक समाचार लिखे जाने तक मौके पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही डिस्कॉम व विद्युत प्रसारण निगम के अधिकारी एवं ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा थी। वहीं इस ट्रांसफार्मर के जलने से क्षेत्र के आसोप इलाके के करीब दर्जन भर से अधिक गांवों की विद्युत आपूर्ति भी ठप हो गई है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2MUkNRV
Share on Google Plus

About Atul

This is a short description in the author block about the author. You edit it by entering text in the "Biographical Info" field in the user admin panel.

0 comments:

Post a Comment