जोधपुर. लंदन में कॉमनवेल्थ पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता और अमरीका के लॉस एंजिलिस में वल्र्ड पुलिस गेम्स में रजत पदक जीतने वाले जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के एएसआई मनोहर सिंह सांखला एक बार फिर तिरंगा लहरा सकते हैं। मलेशिया के पेनांग में 7 सितम्बर से होने वाली एशियाई पैसिफिक मास्टर्स गेम्स की वेट लिफ्टिंग स्पर्धा में सांखला भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए वे पांच सितम्बर को स्वयं के खर्चे पर दिल्ली और फिर मलेशिया प्रस्थान करेंगे। दरअसल, मलेशिया के पेनांग शहर में 7 से 15 सितम्बर तक एशियाई पैसेफिक मास्टर्स गेम्स 2018 होंगे। वेट लिफ्टिंग स्पर्धा के लिए सांखला का चयन भारतीय टीम में हुआ है। इसमें भाग लेने के लिए पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय व ट्रैफिक) ने उन्हें इजाजत दे दी है। प्रतिस्पर्धा में उनके हौसले मजबूत रहें और वे देश का नाम ऊंचा कर के वापस आने को लेकर शहरवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं भेजीं।
एक बार फिर भामाशाहों पर टिकी आस...
पुलिस मुख्यालय ने एएसआई मनोहर सिंह को एशियाई पैसेफिक मास्टर्स गेम्स में भाग लेने की अनुमति तो दे दी, लेकिन विभाग की तरफ से उन्हें यात्रा भत्ते के साथ ही कोई अन्य आर्थिक सहायता नहीं मिलेगी। उन्हें स्वयं के खर्चे पर मलेशिया जाना व आना होगा। ऐसे में सांखला के समक्ष एक बार फिर आर्थिक संकट गहरा गया है। खेल के प्रति लगाव के चलते वे दिनरात अभ्यास कर रहे हैं, लेकिन हवाई यात्रा व पेनांग में ठहरने व खाने का खर्चा भी उठाने की चिंता सताए जा रही है। उन्होंने बताया कि लंदन व अमरीका के लॉस एंजिलिस में प्रदर्शन को एक बार फिर दोहराकर देश ही नहीं जोधपुर शहर व पुलिस का नाम रोशन करने का पूरा प्रयास करेंगे।
इन स्पर्धाओं में लहरा चुके हैं तिरंगा
- वर्ष 2011 में लंदन में आयोजित कॉमनवेल्थ पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता के ओवरऑल स्पर्धा में रजत पदक जीता।
- वर्ष 2017 में अमरीका के लॉस एंजिलिस में आयोजित वल्र्ड पुलिस गेम्स में पुश/पुल स्पर्धा में रजत पदक जीता।
- राष्ट्र स्तर की प्रतियोगिताओं में चार स्वर्ण व एक रजत पदक।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2wyDdSX
0 comments:
Post a Comment