जोधपुर.
जोधपुर संभाग की राजस्थान गौरव यात्रा के बाड़मेर जिले में समापन के बाद मौसम खराब होने के चलते जोधपुर रुकी मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सोमवार दोपहर हवाई मार्ग से जयपुर लौट गईं। जयपुर प्रस्थान करने से पहले मुख्यमंत्री ने होटल अजीत भवन में भाजपा नेताओं से संभाग में गौरव यात्रा और चुनावी तैयारियों का फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री ने स्थानीय नेताओं से 16 सितम्बर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों पर भी चर्चा की। महापौर घनश्याम ओझा, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी, महेन्द्र मेघवाल सहित कई नेताओं ने होटल में मुख्यमंत्री से भेंट की। सूरसागर विधायक सूर्यकांता व्यास व शहर विधायक कैलाश भंसाली सहित कई नेता एयरपोर्ट पहुंचकर मुख्यमंत्री से मिले।
बाड़मेर में संभाग की गौरव यात्रा समापन के बाद रविवार रात्रि मुख्यमंत्री जयपुर जाने के लिए सड़क मार्ग से जोधपुर पहुंची थी। लेकिन जयपुर में मौसम खराब होने के कारण एटीसी ने उनके विमान को क्लीयरेंस नहीं दी थी। ऐसे में उन्हें रात को जोधपुर में रुकना पड़ा। सोमवार दोपहर करीब दो बजे मुख्यमंत्री जयपुर के लिए रवाना हुईं।
----
गहलोत के एयरपोर्ट से जाने के बाद पहुंची राजे
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सोमवार दोपहर साढ़े बारह बजे जेट एयरवेज की फ्लाइट से जोधपुर पहुंचने के दौरान एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा रहा। एयरपोर्ट के बाहर कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया और फिर पत्रकारों से बातचीत की। करीब 1:25 बजे वे एयरपोर्ट से सर्किट हाउस के लिए रवाना हुए। इसके बाद 1:40 बजे मुख्यमंत्री राजे एयरपोर्ट पहुंची।
----
होटल के बाहर से लौट गईं विधायक
अजीत भवन में मुख्यमंत्री से मिलने सूरसागर विधायक सूर्यकांता व्यास भी पहुंची। लेकिन उन्हें होटल में प्रवेश नहीं मिला। होटल केे गेट के बाहर 5 मिनट तक व्यास की कार रुकी रही। फिर कार को पीछे ले लिया। उसके बाद व्यास वहां से रवाना हो गई। पूछने पर विधायक ने कहा कि उन्हें किसी ने रोका नहीं था। उन्हें कोई काम याद आ गया था, इसलिए वहां से चली गई।
----
एनएसयूआई छात्रों ने की नारेबाजी
एयरपोर्ट जाने के लिए सीएम का काफिला जब सर्किट हाउस रोड से गुजर रहा था, तब दूसरी दिशा में रोके गए वाहनों पर सवार एनएसयूआई से जुड़े छात्रों ने अशोक गहलोत जिन्दाबाद के नारे लगाए।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2MHLcXY
0 comments:
Post a Comment