शेरगढ़/ओसियां/जयपुर। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा कि राज्य में कांग्रेस सरकार के वक्त तीन—तीन मंत्रियों को पैसा लेते हुए टीवी पर पूरे देश ने देखा था। उस समय कितना भ्रष्टाचार था, यह किसी से छिपा नहीं है। राजे ने ओसियां और शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के शेखाला गांव में आयोजित जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने भामाशाह योजना के माध्यम से सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थी के खाते में देना शुरू कर भ्रष्टाचार खत्म किया।
राजे ने कहा कि कांग्रेस ने अपने करीब 50 वर्षों के कार्यकाल में गरीबी व बेरोजगारी मिटाने के नाम पर केवल अपनी अलमारियां भरने का काम किया था। लेकिन हमने राजस्थान और प्रत्येक राजस्थानी का सम्मान करते हुए हर जाति व हर वर्ग को साथ लेकर चलने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को शायद पता नहीं कि जब से वह राजनीति में आई हैं तब से लोगों के बीच रहकर उनकी तकलीफें दूर कर उनके आंसू पौछने का काम कर रही है। सरकार बनते ही संभाग स्तर पर'सरकार आपके द्वार', उसके बाद जिला स्तर पर 'आपका जिला-आपकी सरकार' और फिर विधानसभा स्तर पर जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से उन्होंने लोगों के बीच जाकर उनकी पीड़ा दूर करने का प्रयास किया है।
उन्होंने कहा कि झूठ और जनता में भ्रम फैलाकर कांग्रेस पहले हुकूमत पाने में कामयाब हो जाती थी, लेकिन जनता अब समझ गई है। वो जान गई है कि इनके पास काम नहीं, सिर्फ झूठी बातें हैं। उन्होंने कहा कि वह सांसद थी तब झालावाड़ में पद यात्रा, प्रदेश की राजनीति में आई तब 2003 में परिवर्तन यात्रा, 2013 में सुराज संकल्प यात्रा और वर्तमान में राजस्थान गौरव यात्रा के माध्यम से उन्होंने राज्य का चप्पा-चप्पा छाना है, लोगों की तकलीफे समझकर उन्हें दूर करने का प्रयास किया है।
राजे ने कहा कि कांग्रेस कहती है हम किस बात की गौरव यात्रा निकाल रहे हैं। क्या कांग्रेस को पता नहीं राजस्थान आज गौरवशाली राज्यों की श्रेणी में है। सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार जैसे क्षेत्रों में हमारी सरकार ने कीर्तिमान स्थापित किये हैं। पूरे 50 सालों में कांग्रेस राजस्थान में सिर्फ पांच मेडिकल कॉलेज खोल पाई। हमने इन पांच सालों में सात मेडिकल कॉलेज खोल दिए हैं। कांग्रेस के समय में स्कूल थे तो अध्यापक नहीं थे। अध्यापक थे तो बच्चे नहीं थे और बच्चे थे तो स्कूलों में पढ़ाई नहीं हो रही थी। हमने शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा काम किया तो आज प्रदेश 26वें स्थान से दूसरे स्थान पर आ गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में अध्यापकों के आधे पद खाली थे। हमने शिक्षकों की भर्ती की, उसके बाद आज अध्यापकों के सिर्फ 20 प्रतिशत पद खाली रह गये। बहुत जल्दी ही अध्यापकों की और भर्ती की जा रही है। उसके बाद राजस्थान में अध्यापकों के सिर्फ 2 प्रतिशत पद खाली रह जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज राजस्थान विकास के हिसाब से कई क्षेत्रों में देश में नम्बर वन है।
चाहे स्किल डवलपमेंट हो या महिला को परिवार का मुखिया बनाने वाली भामाशाह योजना। चाहे भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना हो या प्रधानमंत्री जी का डिजिटल इंडिया कार्यक्रम। अन्नपूर्णा भंडार योजना हो या किसान ऋण माफी योजना। इन सब योजनाओं में राजस्थान देश में अग्रणी स्थान बनाकर एक गौरवशाली प्रदेश बना है। यह गौरव यात्रा हम इसीलिए निकाल रहे हैं। राजे ने ओसियां में कहा कि एक मुख्यमंत्री कहा करते थे कि उनकी सरकार के पास पैसे नहीं हैं, जबकि वास्तव में उनके पास इच्छाशक्ति नहीं थी। दूसरी ओर, हमारी सरकार है जो अपनी इच्छाशक्ति के बल पर कहीं से भी व्यवस्था करें, विकास के लिए पैसे की कमी कभी नहीं होने देती। उन्होंने कहा कि पहले कॉलेज की घोषणा हो जाती थी, लेकिन भवन के लिए पैसा नहीं देते थे और कॉलेज किसी धर्मशाला या प्राइमरी स्कूल में चलता रहता था। हमने ओसियां में कॉलेज की घोषणा की, तो भवन निर्माण के लिए 6 करोड़ रुपए भी दिए और भवन भी बनकर लगभग तैयार हो चुका है। कांग्रेस के नेताओं को शायद पता नहीं
राजे ने ओसियां में आयोजित सभा में तिंवरी-मथानिया-ओसियां-भोलालगढ़ पेयजल परियोजना के लोकार्पण सहित 499 करोड़ रुपए और शेखाला में आयोजित सभा में 105 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। जनसभाओं में केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री पीपी चौधरी, प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, प्रदेश के चिकित्सा मंत्री कालीचरण सराफ, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज राज्यमंत्री धनसिंह रावत, देवस्थान बोर्ड के अध्यक्ष एसडी शर्मा, राजस्थान खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह बिश्नोई सहित अपनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2P2Yw6c
0 comments:
Post a Comment