जोधपुर. अगर आपको लगता है कि बच्चों को रोकना-टोकना आपका अधिकार है तो पहले यह खबर पढ़ लें। आजकल जरा जरा सी बात पर टोकने पर बच्चे भयानक कदम उठाने लगे हैं। इसका एक उदाहरण आपको यह खबर पढ़कर चल जाएगा। परिजन सकते में आ गए। बासनी थानान्तर्गत मधुबन हाउसिंग बोर्ड के डीडीपी नगर में मोबाइल पर गेम खेलने से मां के डांटने से नाराज बालक रविवार को बिना बताए घर से निकल गया। अपहरण की आशंका से परिजन घबरा गए। दो घंटे बाद ही बालक सकुशल मिल गया, लेकिन उसने परिजन को कार में अपहरण करने का बताकर चिंता में डाल दिया। हालांकि सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने ऐसी किसी आशंका से इनकार किया।
पुलिस के अनुसार डीडीपी नगर निवासी 12 वर्षीय एक बालक दोपहर बाद बिना बताए घर से निकल गया। मोबाइल पर गेम खेलने की वजह से मां ने उसे डांटा था। काफी देर तक न मिलने पर परिजन ने मधुबन चौकी में सूचना दी। फोटो के आधार पर परिजन व पुलिस ने तलाश शुरू की। तभी बालक भगत की कोठी के पास रिश्तेदार को मिल गया। देर शाम परिजन ने पुलिस को अवगत कराया कि मधुबन में ढाबे के पास खड़े बालक का कार में सवार कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया था। उन्होंने नशीला कपड़ा सूंघा दिया था। कार में सवार लोग आपस में बात करने लगे कि उन्हें इतने बड़े बच्चे की बजाय छोटा बच्चा चाहिए। तब उन्होंने उसे पाली रोड पर छोड़ दिया। बालक के अनुसार कार राजीव नगर की तरफ से आई थी।
इस शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस ने कार के संबंध में मधुबन हाउसिंग बोर्ड में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, लेकिन ऐसी कोई कार फुटेज में नजर नहीं आई। पुलिस ने परिजन को बालक से तसल्ली से बात करके जानकारी लेने का आग्रह करके घर भेजा है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2L8CIUb
0 comments:
Post a Comment