जोधपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि भाजपा ने समझौता कर प्रदेशाध्यक्ष चुना है। जो नाम अक्सर सामने आता था, उसको जयपुर से स्वीकृति नहीं मिली। एेसा पहली बार हुआ है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने हार मानी है।
पायलट ने बुधवार को सर्किट हाउस में संवाददाताओं से बातचीत में मुख्यमंत्री व भाजपा आलाकमान की गुटबाजी को हंसीभरे अंदाज में बयां किया। उन्होंने कहा कि यह गलतफहमी है कि मुख्यमंत्री को फ्री हैंड किया गया है।
कोई भी नेता चुनाव के समय प्रचार करने आएगा कि उसको बताना पड़ेगा कि आखिर भाजपा सरकार ने पौने पांच साल में क्या किया। राजस्थान में कोई तीसरा और चौथा मोर्चा सफल नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का राजस्थान दौरा किस पृष्ठभूमि पर रखा गया, यह किसी से नहीं छिपा है। सरकारी पैसा खर्च कर भीड़ जुटाने का प्रयास किया गया। प्रधानमंत्री आधे मन से मुख्यमंत्री की तारीफ कर चले गए।
सरकार ने किसानों की कर्ज माफी के लिए छह हजार करोड़ का कर्जा लिया। यह भार अगली सरकार पर आएगा। पायलट ने उम्मेद पैलेस पहुंचकर पूर्व राजमाता कृष्णा कुमारी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने पूर्व सांसद गजसिंह व उनकी बहन चंद्रेश कुमारी से भी भेंट कर सांत्वना दी।
अगले माह संभवत: राहुल गांधी का दौरा
पायलट ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का संभवत: अगस्त में राजस्थान का दौरा होगा। तारीख व जगह की जल्द घोषणा की जाएगी। राज्य में 49 हजार बूथ हैं। प्रोजेक्ट शक्ति से हर बूथ पर लोग पारदर्शी तरीके से चिह्नित किए जा रहे हैं, ताकि पीसीसी व राहुल गांधी से उनका संपर्क बना रहे।
यह भी बोले पायलट
- जिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खून-पसीन बहाया है। सरकार के विरोध में लाठियां खाई, उन्हें पूरा मान-सम्मान मिलेगा।
- किसान व क्षत्रिय लोगों को सरकार ने जानबूझ कर टारगेट किया है। सरकार ने भू माफिया, बजरी माफिया और भ्रष्ट अधिकारियों को पनपाया है।
- सरकारी एजेंसियों द्वारा गैर भाजपा के लोगों को फंसाया जाता है और आरोपी बनाकर छवि खराब की जाती है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2LdHC2X
0 comments:
Post a Comment