जोधपुर . शहर के गणेशपुरा क्षेत्र में कई सवालों में सोमवार को सप्लाई हुआ पेयजल दुर्गंधयुक्त और काले रंग का था। स्थानीय लोगों ने इस पानी का स्टोरेज पानी के हौद और टंकियों में कर लिया। इसके बाद स्थानीय लोगों को जानकारी हुई कि दूषित पानी सप्लाई हुआ तो उन्होंने जलदाय विभाग को शिकायत की।
भीषण गर्मी में जहां पहले से ही पानी की किल्लत चल रही है एेसे में यदि किसी मोहल्ले में दूषित पानी सप्लाई हो तो वह कोढ़ में खाज का काम करता है। गणेशपुरा क्षेत्र के मोहल्लों में एेसा ही देखने को मिल रहा है। यहां प्रदूषित पानी सप्लाई पिछले कई दिनों से की जा रही थी। लेकिन पानी में दुर्गंध और पीले रंग का पानी सप्लाई हो रहा था। स्थानीय लोगों ने पेयजल की किल्लत के कारण यह सहन कर लिया। लेकिन सोमवार को सप्लाई हुए पानी में दुर्गंध अत्यधिक बढ़ गई और पानी का रंग भी गहरा था। एेसे में लोग शिकायत लेकर जलदाय विभाग अधिकारी के पास पहुंचे।
हौद व टंकियों में मिल गया पानी स्थानीय निवासी गजेन्द्र जांगिड़ ने बताया कि दूषित पानी की सप्लाई हुई और वह पानी हमारे घरों के हौदों में मिल गया। इससे पूरा संचित पानी ही दूषित हो गया। इसी प्रकार यहां रहने वाले रामपाल, रामेश्वर, श्यामलाल और राजूसिंह ने भी यही स्थिति बताई।
----------------------
पेयजल के लिए एक माह से चक्कर काट रहे लोग
जोधपुर. शहर में पेयजल समस्या का एक मामला एयरफोर्स क्षेत्र के मालवीय नगर में भी सामने आया। पिछले एक माह से पानी की समस्या से जूझ रहे लोग परिवार के साथ सहायक अभियंता कार्यालय पहुंचे। इन लोगो ने विरोध जताया, लेकिन अधिकारियों ने फिर जल्द समाधान का आश्वासन देकर लौटा दिया। स्थानीय निवासी गोपालसिंह और दीपक भटनागर ने बताया कि मालवीय नगर की ४० घरों की बस्ती पूर्ण रूप से उपेक्षा का शिकार है। वर्षों पुरानी पाइप लाइन की सफाई नहीं होने से उनके घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। एक माह में मुश्किल से एक या दो बार पानी आया उसमें भी पानी का दबाव इतना कम था कि इन लोगों को मशीनें लगाकर पानी भरना पड़ रहा। लेकिन अधिकांश दिनों में पानी घरों तक पहुंच ही नहीं पाता तो स्थानीय लोगों को टैंकर से ही काम चलाना पड़ता है। स्थानीय निवासी कल्याणसिंह देथा और सतवंत सिंह ने बताया कि लम्बे समय से इस समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं। समाधान नहीं होने पर सोमवार को स्थानीय लोग अपने परिवार के साथ सहायक अभियंता पी.सी बाफना से मिले। ये लोग पहले भी मांग कर चुके हैं। अधिकारी ने इनको जल्द समाधान का आश्वासन देकर लौटा दिया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2LYV3EU
0 comments:
Post a Comment