बिलाड़ा (जोधपुर). कालाउना के आबादी क्षेत्र में 11 केवीए के तार टूटने और साठ से अधिक घरों की लाइनों में करंट दौडऩे के कारण काल कवलित हुए सुनील (22) का शुक्रवार को करूण कंद्रन व विलाप के बीच अंतिम संस्कार किया गया। परिवार ही नहीं हर ग्रामीण को दुख इस बात का था कि आज ही सुनील की सगाई तय होनी थी और समधी उसे देखने के लिए आने वाले थे। मृतक सुनील के चाचा द्वारा पुलिस को दी गई रिपोर्ट पर शुक्रवार को मामला दर्ज किया गया।
गुरुवार को हुए इस हादसे में सुनील के अलावा सात अन्य लोग जो करंट की चपेट में आए थे, उनका इलाज करने के बाद देर रात चिकित्सकों ने छुट्टी दे दी। उधर, घटना को लेकर ग्रामीणों ने विधायक सहित निगम के अधिकारियों का देर रात एक बजे तक घेराव किया तथा मांग रखी कि मृतक के भाई को सरकारी नौकरी दी जाए तथा मुआवजे के रूप में दस लाख की राशि दें।
सुबह से बैठे धरने पर
शुक्रवार को सूर्योदय के साथ ही ब्राह्मण समाज के लोगों ने एवं कालाउना तथा आस-पास गांवों से आए ग्रामीण टेंट लगाकर धरने पर बैठ गए। धरनास्थल पर पहुंची उपखण्ड अधिकारी कंचन राठौड़, पुलिस उप अधीक्षक सेठाराम बंजारा को मुख्यमंत्री, ऊर्जामंत्री व जिला कलक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। साथ ही वहां मौजूद विद्युत वितरण निगम केअधिशासी अभियंता उम्मेदाराम, सहायक अभियंता रामसुख डूडी को अपने उच्चाधिकारियों पर मृतक के परिवार के एक सदस्य को नौकरी के लिए दबाव बनाने को कहा।
मांग मानने पर उठाया धरना
धरनास्थल पहुंचे विधायक ने पुन: जिला कलक्टर एवं ऊर्जामंत्री पुष्पेन्द्र राणावत से मुआवजे की राशि दस लाख तथा मृतक परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी में लेने का आग्रह किया। राणावत ने अपने जवाब में कहा कि मृतक के परिवार को पांच लाख मुआवजे के तौर पर दिए जाएंगे तथा परिवार में जो सदस्य नौकरी लायक हो उसकी पत्रावली निगम के अधिकारियों के माध्यम से भिजवाई जाए।
इस आश्वासन के बाद सभी धरना उठाने को राजी हो गए। इससे पूर्व उपखण्ड अधिकारी कंचन राठौड़ एवं पुलिस उप अधीक्षक सेठाराम बंजारा की मौजूदगी में रेफरल चिकित्सालय प्रभारी डॉ. पंकज के राय द्वारा गठित मेडिकल बोर्ड द्वारा मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
निगम जुटा दुरुस्तगी में
कालाउना में युवक के अंतिम संस्कार के पश्चात विद्युत वितरण निगम के अधिशासी अभियंता उम्मेदाराम, सहायक अभियंता डूडी नया ट्रांसफार्मर एवं घरों की जली केबलों को पुन: दुरुस्त करने की सामग्री लेकर पहुंचे तथा इस बाार ट्रांसफार्मर आबादी से दूर एक तरफ लगाने की जिम्मेदारी कनिष्ठ अभियंता राजेश देवड़ा को सौंपी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2GQZMok
0 comments:
Post a Comment