शहर के प्रदूषण रहित बैटरी ऑपरेटेड लीटर पीकर मशीन की शुरुआत की गई है। सोमवार को नगर निगम उत्तर की महापौर कुन्ती परिहार, नेता प्रतिपक्ष लक्ष्मी नारायण सोलंकी ने इस मशीन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पहले 2 दिन तक इस मशीन का डेमो रन किया जाएगा। उसके बाद मशीन रोज 8 घंटे रूट चार्ट के अनुसार छोटी गलियों, जल स्रोतों और पर्यटन स्थलों के आसपास सफाई करेगी। महापौर कुन्ती परिहार ने बताया कि नगर निगम उत्तर का अधिकार क्षेत्र शहर की चार दिवारी के भीतर स्थित है। इन क्षेत्रों में बड़े वाहन जाना संभव नहीं है। अब विभिन्न पर्यटक स्थलों, जल स्रोतों और व्यावसायिक क्षेत्र में इस मशीन से नियमित सफाई की जा सकेगी। नेता प्रतिपक्ष सोलंकी ने कहा कि ऐसे क्षेत्र जहां लंबे समय से सफाई नहीं हो पा रही थी, वहां भी मशीन सफाई करेगी। इस अवसर पर सफाई कमेटी प्रभारी जाफरान खान, पार्षद नदीम इकबाल, एसबीएम प्रभारी अधीक्षण अभियंता भरत टेपण, एईएन अंकित पुरोहित, परिणीता समरिया, गिरीश पुरोहित सहित नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित थे।
इन क्षेत्रों में होगी कारगर
यह मशीन नई सडक़, घंटाघर, गुलाब सागर, तूरजी का झालरा, शहर के भीतर क्षेत्र में स्थित पर्यटन स्थल, मुख्य व्यावसायिक बाजार, रोड डिवाइडर, मुख्य सडक़ हेरिटेज क्षेत्र, रानीसर, पदमसर, किशोर बाग, रेल अंडर ब्रिज क्षेत्र में उपयोग में ली जाएगी।
आग से बचाव का भी इंतजाम
मशीन में 12 लीटर पानी का टैंक है। इससे कचरा उठाते समय यदि कोई ज्वलनशील पदार्थ कचरे में है, तो उसे बुझाया जा सकेगा, ताकि पूरे कचरे के डिब्बे में आग नहीं लगे। मशीन के साथ अग्निशमन यंत्र भी लगाया गया है।
हर तरह का कचरा उठाएगी मशीन
मशीन पॉलिथीन, रैफर, कांच की बोतल, कोल्ड ड्रिंक, कोल्ड ड्रिंक केन, पानी की बोतल, मिट्टी, धूल, छोटे कंकर, पत्थर, कांच जैसा कचरा साफ कर सकती है। इससे भीतरी शहर के बाजारों की सफाई व्यवस्था बेहतर होगी।
ये है मशीन की खासियत
- लीटर पीकर मशीन बैटरी ऑपरेटेड सक्शन मशीन है। पूर्णत स्वदेशी तकनीक से बनी है।
- इससे रोज लगभग 8 से 10 घंटे काम किया जा सकेगा।
- अगले 3 साल तक इस मशीन का मेंटेनेंस और ऑपरेशन का काम खरीदी गई फर्म करेगी।
- पहले चरण में दो मशीन खरीदी हैं।
- 240 लीटर क्षमता की है।
- मशीन में ऑटोमेटिक ब्रेक का विशेष फीचर इसे ऑपरेटर मशीन के ऊपर बैठकर और हाथ से खींचकर दोनों तरीके से चला सकेगा।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/Vua93bR
0 comments:
Post a Comment