जोधपुर।
शहर के आस-पास अलग-अलग जगहों पर तेज रफ्तार व लापरवाही से आए वाहनों की चपेट से एक श्रमिक व दो युवकों की मौत हो गई। मृतक श्रमिक का पांव भी कट गया था।
मण्डोर थाना पुलिस के अनुसार रूपावतों का बेरा निवासी योगेश 24 पुत्र नरेन्द्र सोलंकी सुबह साढ़े नौ बजे मजदूरी करने के लिए मोपेड पर डांगियावास की तरफ निकला। राडार गेट के सामने पहुंचा तो तेज रफ्तार व लापरवाही से आए ट्रक ने मोपेड को चपेट में ले लिया। जिससे योगेश गंभीर घायल हो गया। उसका एक पांव कट गया। हेलमेट पहना होने के बावजूद सिर में भी चोट आई। खून अधिक बहने से उसकी मौके पर मौत हो गई। मृतक के चाचा कुलदीप सोलंकी ने ट्रक चालक बुढि़यों की बासनी निवासी छोटूराम पुत्र कानाराम जाट के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
ससुराल से घर लौट रहे युवक की मौत
डांगियावास थाना पुलिस ने बताया कि कापरड़ा में बावरी का बास निवासी पन्नालाल 25 पुत्र भोमाराम बावरी मोटरसाइकिल पर रमजान हत्था में ससुराल से घर लौट रहा था। जयपुर हाइवे पर डांगियावास कस्बे से पहले निजी इंजीनियरिंग कॉलेज के सामने पहुंचा तो तेज रफ्तार व लापरवाही से आए अज्ञात वाहन ने बाइक को चपेट में ले लिया।जिससे वह गंभीर घायल हो गया। गंभीर हालत में पन्नालाल को महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
बाइक पर लिफ्ट ली, ट्रेलर ने कुचला, मौत
बोरानाडा थाना पुलिस ने बताया कि जैसलमेर में फलसूण्ड थानान्तर्गत पदमपुरा निवासी अरबाज पुत्र बल्ले खां गत 18 जनवरी को खारड़ा भाण्डू में अपने ननिहाल आया था। इस दौरान वह किसी से बाइक पर लिफ्ट लेकर बोरानाडा की तरफ गया, जहां एक धर्मकांटा के सामने पहुंचा तो तेज रफ्तार व लापरवाही से आए ट्रेलर ने बाइक को कुचल दिया। अरबाज गंभीर घायल हो गया। उसे एम्स ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता व अन्य परिजन एम्स आए। ट्रेलर चालक भगवानसिंह पुत्र दरियाव सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/ejtrCNv
0 comments:
Post a Comment