जोधपुर।
सदर बाजार थाना पुलिस ने घोड़ों का चौक में एक ज्वैलर को लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi) के गुर्गे के नाम से धमकी देकर पांच लाख रुपए मांगने के मामले का खुलासा कर एक नाबालिग को उत्तर प्रदेश के झांसी में गुरसराय से संरक्षण में लिया। उसने मोबाइल में ऐप डाउनलोड कर विदेशी वर्चुअल नम्बर हासिल किए थे और फिर गूगल पर जोधपुर ज्वैलर सर्च करने से मिले मोबाइल नम्बर पर व्हॉट्सऐप कॉल व संदेश भेजकर धमकाया था।
थानाधिकारी कैलाश पारीक ने बताया कि घोड़ों का चौक में सुदर्शन ज्वैलर्स के मालिक ओमप्रकाश सोनी को व्हॉट्सऐप कॉल व संदेश भेजकर जान से मारने की धमकी देने अन्यथा पांच लाख रुपए मांगने के मामले में मूलत: डांगियावास थानान्तर्गत बिसलपुर हाल झांसे जिले के गुरसराय निवासी 17 साल के एक बाल अपचारी को पकड़ा गया। साइबर सैल के एक्सपर्ट एएसआइ राकेशसिंह से मिले सुराग के आधार पर कन्हैयालाल, एएसआइ नेमीचंद, कांस्टेबल ओमप्रकाश, पुखराज व ताराचंद ने झांसी में स्थानीय पुलिस की मदद से तलाश कर नाबालिग को हिरासत में लिया। उसे जोधपुर लाया गया, जहां पूछताछ में उसने पांच लाख रुपए फिरौती के लालच में धमकी देना स्वीकार किया। आरोपी को शनिवार शाम किशोर न्यायालय के समक्ष पेश कर बाल सुधार गृह भिजवाया गया।
जोधपुर ज्वैलर सर्च किए तो मिले मोबाइल नम्बर
पुलिस का कहना है कि आरोपी गुरसराय में मिठाई की एक दुकान पर काम करता है। जल्द रुपए कमाने के लालच में उसके दिमाग में खुराफात सूझी। उसने अपने मोबाइल में डाउनलोड एक ऐप से वर्चुअल विदेशी नम्बर हासिल किए थे। फिर लॉरेंस बिश्नोई की फोटो तलाशी डाउनलोड की थी। मोबाइल में व्हॉटस्ऐप डाउनलोड कर लॉरेंस की फोटो बतौर प्रोफाइल फोटो लगाई थी। किसी अमीर आदमी के मोबाइल नम्बर हासिल करने के लिए गूगल पर सर्च किया था। उसने जोधपुर ज्वैलर सर्च किया तो सबसे ऊपर ज्वैलर ओमप्रकाश के मोबाइल नम्बर सामने आए थे और उसी से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निक्की बराड़ बनकर 12 दिसम्बर को धमकी भरे संदेश भेजने शुरू कर दिए थे। व्हॉट्सऐप कॉल न उठाने पर धमकी भरे संदेश भेजकर पांच लाख रुपए मांगे थे। वरना गोगामेड़ी के बाद अगला टारर्गेट बताया था। ज्वैलर ने उसी दिन एफआइआर दर्ज करवाई थी। पुलिस ने ऐहतियात के तौर पर ज्वैलर को सुरक्षा भी प्रदान की थी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/DThzsPG
0 comments:
Post a Comment