जोधपुर.
सरकार की ओर से राजस्थान राज्य पथ परिवहन (रोडवेज) बसों में सफर करने वाले यात्रियों को करीब 54 प्रकार की रियायतें दी जा रही है लेकिन मुश्किल दौर से गुजर रही रोडवेज के पास सुविधाएं के नाम पर कुछ भी नहीं है। वहीं संसाधन, मैन पॉवर नहीं होने की िस्थति में रोडवेज के लिए इन रियायतों को आर्थिक के साथ व्यवहारिक दृष्टि से झेलना मुश्किल हो रहा है। उल्लेखनीय है कि रोडवेज जोधपुर डिपो की करीब 92 बसों में 15-20 हजार यात्री प्रतिदिन सफर कर रहे है।
----
इस बजट में ये दी रियायतें
वर्तमान कांग्रेस सरकार ने अपने पांच वर्षीय कार्यकाल के अंतिम बजट 2023-24 में इस बार भी छूट दी है।
- महिलाओं को रोडवेज बस किराए में 30 की जगह 50 प्रतिशत छूट।
- स्काउट गाइड एनसीसी अवार्डी के लिए फ्री यात्रा।
- परीक्षार्थियों को 75 किमी तक रियायती यात्रा किराए में छूट।
-------------
संसाधन नहीं, ना मैन पॉवर
सरकार की ओर से रोडवेज में रियायतों की तो भरमार है लेकिन रोडवेज प्रबंधन में सभी रुटों के लिए न तो पर्याप्त बसों का बेड़ा है न ही अन्य संसाधन। वर्ष 2004 में निगम में करीब 25 हजार से अधिक नियमित कर्मचारी व करीब 5 हजार से अधिक बसों का बेड़ा हुआ करता था। लेकिन सरकार ने 2013-14 के बाद नई भर्ती नहीं निकाली, ऐसे में वर्तमान में प्रदेश में केवल 12 हजार कर्मचारी ही कार्यरत है। इससेबसों का संचालन भी प्रभावित हो रहा है।
--------------------
54 प्रकार की रियायतें
रोडवेज की ओर से वर्तमान में करीब 54 प्रकार की श्रेणियों के यात्रियों को रियायतें दी जा रही है। प्रमुख इस प्रकार से है-
अधिस्वीकृत पत्रकारों, स्वतंत्रता सेनानियों, उनका एक सहयोगी व उनकी विधवाओं, शहीदों की विधवाएं, पद्म पुरस्कार, राज्य व राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित, अन्तरराष्ट्रीय खेलों में राज्य के पदक विजेता, सशस्त्र सेना के शौर्य पदक धारक, 80 वर्ष से अधिक उम्र के महिला-पुरुष निशुल्क व उनके एक सहयोगी, 60 वर्ष से अधिक के वरिष्ठ नागरिक, महिलाओं आदि को रियायतें दी जा रही है। इनके अलावा, थैलेसीमिया, कैंसर, एड्स, दिव्यांग, हीमोफीलिया, तेजाब हमला पीडि़त, बौनापन, मानसिक विमंदित, पार्किंसन रोगी, असंक्रामक कुष्ठ रोगी आदि को भी किराए में छूट दी जा रही है।
--------
उपलब्ध संसाधनों व मैन पॉवर से हर रियायती श्रेणी के यात्री को सुविधा देने का प्रयास कर रहे है।
उम्मेदसिंह, मुख्य प्रबंधक
रोडवेज जोधपुर
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/YQUOXvF
0 comments:
Post a Comment