जोधपुर।
बनाड़ थानान्तर्गत नांदड़ी के लक्ष्मण नगर स्थित सूने मकान से 25 तोला सोना व दो किलो चांदी के आभूषण चुराने के आरोपी भतीजे व दो अन्य युवकों को अदालत ने रविवार को रिमाण्ड पर भेज दिया। वारदात के बाद मुख्य आरोपी भतीजे ने दो लाख रुपए और साढ़े चार तोला सोना रख लिया था। शेष जेवर व एक लाख रुपए अन्य दोनों आरोपियों को सुरक्षित रखने के लिए दिए गए थे।
पुलिस के अनुसार प्रकरण में गिरफ्तार मूलत: बाड़ा कला हाल सारण नगर सी निवासी मनीष सिहाग पुत्र हुक्माराम जाट, मूलत: गंगाणी हाल लक्ष्मण नगर बी निवासी महेन्द्र मुण्डेल पुत्र मुल्तानराम जाट व नेतड़ा में कुम्भा नगर निवासी हुकमगिरी पुत्र नेमगिरी गोस्वामी को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें दो-दो दिन के रिमाण्ड पर भेजने के आदेश दिए गए।
पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी मनीष सिहाग मकान मालिक महेन्द्र सिहाग के रिश्ते में भतीजा है। तीनों आरोपियों ने गत 5 अगस्त को 25 तोला सोना, दो किलो चांदी व पांच हजार रुपए चुरा लिए थे। दस तोला सोने की आड़ व पुणज आखलिया चौराहे के पास फाइनेंस कम्पनी में गिरवी रख तीन लाख रुपए लोन ले लिया था। इसमें से दो लाख रुपए और 4.50 तोला सोने की रखड़ी सैट भतीजे मनीष ने रख लिए थे। जबकि लोन से मिले एक लाख रुपए व महेन्द्र व हुकमगिरी को दिए गए थे। मनीष ने शेष जेवर सुरक्षित रखने के लिए अन्य दोनों आरोपियों को दे दिए थे। जो उन्होंने छुपा दिए थे।
अब पुलिस सोमवार को फाइनेंस कम्पनी में गिरवी रखे सोने के आभूषण बरामद करेगी। वहीं, अन्य जेवर भी बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच अधिकारी एएसआइ बींजाराम जाणी पूछताछ कर रहे हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/tDdY60X
0 comments:
Post a Comment