जोधपुर।
बेशकीमती जमीन का निस्तारण करवाने और बदले में 25 प्रतिशत विकसित आवासीय भूमि के भूखण्डों के पट्टे देने का झांसा देकर जमीन हड़पने के संबंध में उदयमंदिर थाने में छह और एफआइआर दर्ज की गई है। इनमें बिल्डर व उसके भाई सहित चार जनों पर मिलीभगत कर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार मूलत: पाली हाल सूरसागर रोड पर गणपति नगर निवासी अम्बालाल पुत्र रामलाल परिहार की ओर से आदिनाथ बिल्डवेल के डायरेक्टर पीयूष डोसी, भाई महावीर, जालप मोहल्ला निवासी उप पंजीयक कार्यालय के कर्मचारी अजय पुरोहित व बाड़मेर निवासी चीमाराम जाट के खिलाफ धोखाधड़ी के छह अलग-अलग मामले दर्ज कराए हैं।
आरोप है कि अम्बालाल की पत्नी सुशीला देवी के नाम से जोधपुर राजस्व गांव में 5 बीघा, 3 बीघा, 7 बीघा 7 बिस्वा जमीनें हैं। वहीं, सूंथला में अलग-अलग 11 बीघा 6 बिस्वा जमीनें हैं। वहीं, पुत्रवधू नीरमा पत्नी महेश परिहार के नाम सूंथला में 3 बीघा 11 बिस्वा और जोधपुर में 2 बीघा 6 बिस्वा जमीन हैं। जिनका हाईकोर्ट में विवाद चल रहा है। पीयूष डोसी ने अम्बालाल से सम्पर्क कर लम्बित मामलों का निस्तारण का झांसा दिया था। बदले में 25-25 प्रतिशत विकसित आवासीय भूमि के भूखण्डों के पट्टे देने का भरोसा दिलाया गया था। बिल्डर ने धोखाधड़ी कर जमीनें अपनी फर्म आदिनाथ बिल्डवेल को बेचान कर दी थी।
गौरतलब है कि खेमे का कुआं निवासी बाबूलाल गहलोत व छोटाराम सांखला ने धोखाधड़ी के दो अलग-अलग मामले पहले से दर्ज करवा रखे हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/g32wI6l
0 comments:
Post a Comment