जोधपुर।
भदवासिया फल मण्डी परिसर में साइड देने को लेकर उपजे विवाद में मारपीट व नाबालिग को नग्न कर घुमाने के मामले में महामंदिर थानाधिकारी व निरीक्षक हरीशचन्द्र सोलंकी और थाने के आसूचना अधिकारी कांस्टेबल महेन्द्र को शुक्रवार को निलम्बित कर दिया गया। नाबालिग को नग्न घुमाने संबंधी सूचना देरी से मिलने पर इन दोनों पर यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस कमिश्नर रविदत्त गौड़ ने बताया कि प्रकरण में निरीक्षक व महामंदिर थानाधिकारी हरीशचन्द्र सोलंकी व बतौर आसूचना अधिकारी कांस्टेबल महेन्द्र को निलम्बित किया गया है। दोनों के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं। फिलहाल किसी अन्य को थानाधिकारी नहीं लगाया गया है।
30 घंटे बाद मिली थी सूचना
मण्डी परिसर में बुधवार सुबह फल से भरी बोलेरो पिकअप खड़ी थी। जिसकी वजह से लोडिंग टैक्सी निकल नहीं पा रही थी। साइड देने की बात पर टैक्सी चालक व पिकअप खाली करवा रहे फल विक्रेता में तकरार हो गई थी। टैक्सी चालक ने फल विक्रेता भवनेश को पीट दिया था। गुस्साए फल विक्रेता एकत्रित हुए तो चालक भाग गया था। लोगों ने चालक के साथ मौजूद नाबालिग को पकड़ लिया था और फरार साथी को बुलाने पर अड़ गए थे। उन्होंने नाबालिग से मारपीट की और कपड़े उतारकर मण्डी परिसर में घुमा भी दिया था। टैक्सी में तोड़-फोड़ भी की गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के सात जनों को पकड़कर थाने लेकर आई थी। दोनों पक्षों की ओर से परस्पर विरोधी मामले दर्ज किए गए थे। तब नाबालिग को नग्न कर घुमाने के संबंध में पुलिस को जानकारी नहीं मिल सकी थी। दूसरे दिन गुरुवार को नाबालिग को नग्न घुमाने का वीडियो वायरल होने पर मामला उजागर हुआ था।
मुखबिर व आसूचना तंत्र कमजोर माना
पुलिस ने टैक्सी संचालक की ओर से दर्ज करवाई एफआइआर में मारपीट के साथ ही जेजे एक्ट और पोक्सो की धाराएं भी जोड़ी हैं। दोनों को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन मामले के संबंध में मुखबिर व आसूचना तंत्र कमजोर होना भी उजागर हुआ। ऐसे में थाना प्रभारी सोलंकी के साथ आसूचना अधिकारी पर गाज गिरी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/OpkxPyU
0 comments:
Post a Comment