जोधपुर।
औषधि नियंत्रण विभाग ने बनाड़ थानान्तर्गत नांदड़ी में दवाइयों की ***** सेल दुकान की जांच की तो प्रतिबंधित नशे की दवाइयों की बड़े स्तर पर खरीद-फरोख्त उजागर हुई। दवाइयां सील होने के बावजूद नशे की 48 लाख टेबलेट्स खरीदने के बाद 19.63 लाख टेबलेट का बगैर बिल बेचान कर दिया गया। इतना ही नहीं, इन टेबलेट्स के बैच नम्बर नेल पेंट से मिटा दिए गए थे। नौ माह की जांच के बाद अब विभाग ने बनाड़ थाने में ***** सेलर दुकान संचालक के खिलाफ एनडीपीएस में मामला दर्ज कराया।
पुलिस के अनुसार औषधि नियंत्रक अधिकारी किशोर पंवार की ओर से नांदड़ी में विष्णु मेडिकल एजेंसी के संचालक मनीष पुत्र पोकरराम बिश्नोई के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। मनीष का सुराग नहीं लग पाया है।
थानाधिकारी सीताराम खोजा का कहना है कि आरोपी स्थाई पता नहीं होने से आरोपी मनीष पकड़ा नहीं जा सका है। उसकी तलाश की जा रही है।
बैच नम्बर मिटे होने से हुआ था संदेह
ट्रमाडोल घटक युक्त दवाई क्लोवेडोल-100 एसआर टेबलेट के विक्रय बिलों के सत्यापन के बारे में औषधि नियंत्रण अधिकारी हेमा सोलंकी ने गत वर्ष 22 जुलाई को होलसेलर विष्णु मेडिकल एजेंसी में जांच की थी। क्लोवेडोल-100 एसआर टेबलेट का स्टाॅक मिला था। इन पर बैच नम्बर मिटाए हुए थे। पूछताछ में मनीष ने बताया था कि उसने कमला नेहरू नगर की मैसर्स महादेव मेडिकल एजेंसी से गत वर्ष 18 जुलाई को 19,25,010 क्लोवेडोल टेबलेट्स खरीदी थी। हर स्ट्रिप पर नेल पेंट से बैच नम्बर मिटा दिए गए थे। संदेह होने पर नमूना सैम्पल लेकर शेष दवाइयां सील कर दी गईं थी। जांच के लिए सैम्पल औषधि परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया था।
22 दिन में दुबारा जांच, 13 हजार टेबलेट्स ही मिली
विभाग ने 16 अगस्त को दुबारा दुकान में जांच की थी, जहां जब्त दवाइयों के स्टॉक 19,25,010 की जगह 13,010 ही दवाइयां मिली। संचालक मनीष ने स्वलिखित घोषणा पत्र देकर स्वीकारा कि उसने 9,58,010 टेबलेट बिना बिल ही बेच दी थी।
28 लाख दवाइयों की फिर खरीद की
बिना बैच नम्बर की नशे की गोलियों को रिप्लेस (प्रतिस्थापित) करने के लिए उसी बैच नम्बर की 28,88,010 दवाइयां बिल से 9 अगस्त को उसी ***** सेलर से खरीदी थी। उसमें से भी 10,05,010 दवाइयां बिना बिल के बेच दी गई थी। विभाग ने मौके पर बची बिना बैच नम्बर की 13,010 दवाइयां जब्त की थी।
जांच रिपोर्ट में नशीली गोलियों की पुष्टि
औषधि परीक्षण प्रयोगशाला से 9 मार्च को जांच रिपोर्ट मिली थी। जिसमें प्रत्येक टेबलेट में ट्रामाडोल घटक की मात्रा 92.23 मिलीग्राम पाई गई थी। जो एनडीपीएस की श्रेणी में आती हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/V19yFeh
0 comments:
Post a Comment