जोधपुर। मारवाड़ समेत प्रदेश भर में गायों में फैल रही लम्पी स्किन बीमारी ने अमरीका में बैठे प्रवासी राजस्थानियों को भी चिंता में डाल दिया है। प्रवासी अमरीका से देश-विदेश में उपलब्ध वैक्सीन का इंतजाम करने में जुटे हैं, ताकि गायों को मौत को मुंह में जाने से बचाया जा सके। अमरीका स्थित प्रवासियों के सबसे बड़े संगठन राजस्थान एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमरीका (राना) ने फिलहाल गोट पॉक्स वैक्सीन की व्यवस्था की है और दक्षिण अफ्रीका में उपलब्ध टीके लम्पी वैक्स के बारे में भी तहकीकात की जा रही है।
राना के चेयरमैन प्रेम भंडारी के अनुसार राना ने अमरीका की वेटनरी एसोसिएशन के अध्यक्ष व राजस्थान मूल के प्रसिद्ध पशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि मुरारका को राना की एनिमल वेयरफेयर सोसायटी का अध्यक्ष बनाया है। वे पिछले एक सप्ताह से लगातार लम्पी स्किन डीजिज की रोकथाम के लिए देश-विदेश के विशेषज्ञों के साथ केंद्र व राज्य सरकारों के साथ सम्पर्क में हैं। उन्हें ही जानकारी मिली है कि दक्षिण अफ्रीका में लम्पी वैक्स नाम का टीका उपलब्ध है, लेकिन भारत में इसके निर्यात की अनुमति नहीं है। इस पर उन्होंने केंद्र सरकार से फैसला करने की अपील की है। वे गायों के समुचित इलाज के लिए प्रसिद्ध पशुरोग विशेषज्ञ डॉ. प्रवीण मल्लिक से भी सम्पर्क में हैं।
भंडारी और डॉ. मुरारका ने बुधवार रात राजस्थान के प्रमुख शासन सचिव (पशुपालन) पी. किशन व पशुपालन विभाग के अतिरिक्त निदेशक एनएम सिंह से बात कर गायों को बचाने के लिए गोटपॉक्स वैक्सीन के बारे में गाइडलाइन जारी करने का अनुरोध किया है, ताकि पता लगाया जा सके कि ये टीका किन गायों को लगाना उचित रहेगा। फिलहाल राना ने इस टीके की एक खेप रांची से खरीद कर जोधपुर भेजी है। राज्य सरकार के दिशा निर्देशन में यह टीका वडेर चेरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से निराश्रित गायों को लगाया जाना है। जैसे ही सरकार की हरी झंडी मिलेगी, जिला प्रशासन के सहयोग से टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया जाएगा। टीका कारगर पाया जाता है तो देश-विदेश से इसकी खरीद कर उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
भंडारी ने बताया कि जिला प्रशासन से बात करने के बाद संक्रमित गायों के लिए राना ने चारे की व्यवस्था भी की है। तिंवरी के अलावा निराश्रित गायों को रखने वाली गौशालाओं में भी चारा भेजेंगे। इस कार्य में कनक गोलिया. दुलीचंद वैद व अशोक संचेती के अलावा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात चैनसिंह महेचा सहित कई लोग सहयोग कर रहे हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/UoQZSNA
0 comments:
Post a Comment