Rainy season: बरसात का दौर रहेगा जारी, कई निचले स्थानों पर भरा पानी

पोस्ट पसंद आये तो लाइक जरुर करे ?

Rainy season: जोधपुर. दक्षिणी पश्चिमी मानसून की ट्रफ लाइन प्रदेश के ऊपर से गुजरने की वजह से शुक्रवार को पश्चिमी राजस्थान में भी जमकर बारिश हुई। जोधपुर शहर में दोपहर बाद एक घंटे तक मूसलाधार बारिश का दौर चला। करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की हवा की रफ्तार से बादलों से पानी बरसा। मौसम विभाग ने शाम 5:30 बजे तक 33.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की। महामंदिर के आसपास 28 मिमी और कलेक्ट्रेट में 18 मिलीमीटर बारिश मापी गई। एकदम से तेज बारिश से शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया। बरसात में दुपहिया वाहनों के इंजन में पानी चले जाने से कई वाहन चालकों को परेशानी हुई। उधर जिले के शेरगढ़ में 20, ओसियां में 15, बाप में 20, आऊ में 24 मिलीमीटर बारिश मापी गई।

नागौर शहर में 46 मिलीमीटर पानी बरसा। जिले के मूंडवा में 18, खींवसर में 21, डीडवाना में 16, लाडनू में 19, मकराना में 33 मिमी बारिश मापी गई। जैसलमेर में 19 मिमी बारिश हुई। जिले के रामगढ़ में 22 और पोकरण में 11 मिमी पानी बरसा। बाड़मेर, पाली और जालौर के कई हिस्सों में हल्की से लेकर मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार बादल बरसात का दौर शनिवार को भी जारी रहेगा। उसके बाद बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है।

एयरफोर्स-रातानाडा की तरफ अधिक मेघ बरसे
सूर्य नगरी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन चढ़ने के बाद उमस बढ़ने लगी। दोपहर में उमस से लोगों की हालत पतली हो गई। अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अपराहन 3:00 बजे बाद काले बादलों की आवाजाही शुरू हुई। चार बजते-बजते तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा थी। झमाझम बारिश से शहरवासियों की बांछे खिल उठी। 15-20 मिनट के ब्रेक के बाद काली घटाओं से मूसलाधार बारिश शुरू हो हुई जिससे चारों तरफ पानी ही पानी हो गया। अत्यधिक तेज बरसात से शहर की सड़कों पर बाळे बहने लगे। घरों से पनाळे चलने लगी। लोगों ने बारिश का जमकर लुत्फ उठाया।

खतरनाक पुलिया में 2 फीट तक पानी
तेज बारिश से शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया। खतरनाक पुलिया के नीचे 2 फीट तक पानी की चादर चली। वहां दुपहिया वाहनों के दोनों टायर डूब रहे थे। शहर के पावटा, हाई कोर्ट रोड, नेहरू पार्क, 12 वीं रोड के आसपास के क्षेत्रों में पानी भरने से दुपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कुछ जगह पेड़ गिरे
तेज हवाओं के साथ तूफानी बारिश से शहर के कुछ इलाकों में पेड़ गिर गए। न्यू कोहिनूर सिनेमा हॉल के पीछे महादेव मंदिर के पास पीपल का बड़ा पेड़ गिरने से रास्ता जाम हो गया। पावटा जिला अस्पताल के पास एक कार के ऊपर पेड़ गिर गया।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/wZIokS9
Share on Google Plus

About Atul

This is a short description in the author block about the author. You edit it by entering text in the "Biographical Info" field in the user admin panel.

0 comments:

Post a Comment