भोपालगढ़, (जोधपुर)। भोपालगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बावड़ी कस्बे के पास स्थित गवारियों की ढाणी के आसपास मुरड़ व मिट्टी आदि के अवैध खनन से बने गड्ढे चार बच्चों की मौत का कारण बन गए। इन गड्ढों में भरे बरसाती पानी में डूबने से दो लड़के और दो लड़कियों समेत 4 बच्चों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और बच्चों के शवों को निकालकर बावड़ी कस्बे के राजकीय अस्पताल लाया गया। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार जोधपुर जिले के बावड़ी कस्बे के पास स्थित गोविंदपुरा (गवारियों की ढाणी) के आसपास के खेतों व खाली जमीन में लंबे समय से अवैध मिट्टी व मुरड़ आदि के खनन का काम चलता रहा है और लोग यहां से जेसीबी व अन्य साधनों से मिट्टी व मुरड़ खोदकर ले जाते हैं। जिससे वहां जगह जगह छोटे-बड़े गड्ढे बन गए।
इस बीच सोमवार रात से ही लगातार हो रही बारिश का पानी इन गड्ढों में भर गया और यह पूरी तरह से लबालब हो गए। मंगलवार को गवारियों की ढाणी के 5 बच्चे बारिश में नहाते-नहाते इन गड्ढों में उतर गए और देखते ही देखते वे इन पानी से भरे गड्डों में डूबने लगे। जैसे-तैसे कर एक बच्ची गेंदा पुत्री प्रकाश तो वहां से बाहर निकल गई, लेकिन चार अबोध बालक इन गड्ढों में भरे पानी से बाहर नहीं निकल पाए और असमय काल काल्वित हो गए। मृतक बालकों में बावड़ी कस्बे के गवारियों की ढाणी निवासी 12 वर्षीय पिंटू पुत्र रामनिवास, 15 वर्षीय अनीता पुत्री हीराराम, 16 वर्षीय संजू पुत्र प्रकाशराम व 12 वर्षीय किशोर पुत्र हीराराम शामिल हैं । इन मृतकों में अनीता व किशोर सगे भाई-बहन भी बताए जा रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर घटना की सूचना मिलने पर बावड़ी एसडीएम के साथ ही तहसीलदार, भोपालगढ़ पुलिस उपाधीक्षक सुदर्शन पालीवाल व खेड़ापा थानाधिकारी नेमाराम ईनाणिया के अलावा बावड़ी सरपंच हरेंद्र ग्वाला व बावड़ी प्रधान प्रतिनिधि राजूराम खोजा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और बच्चों को निकालकर बावड़ी के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान 4 बच्चों के डूबने की सूचना मिलने पर बावड़ी कस्बे से भी बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ अस्पताल पहुंच गई और अब इन बच्चों को पोस्टमार्टम के लिए जोधपुर ले जाया जाएगा। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक एवं आरएलपी के प्रदेश अध्यक्ष पुखराज गर्ग ने भी बावड़ी एसडीएम व पुलिस उपाधीक्षक भोपालगढ़ से घटना की पूरी जानकारी ली ।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/BxRVbrW
0 comments:
Post a Comment