जोधपुर. पश्चिमी विक्षोभ के असर से रविवार को समूचे संभाग में तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रही। जोधपुर में पारा 40 डिग्री के भीतर आ गया। हवा में अत्यधिक नमी से उमस पैदा हो गई। दिनभर शहरवासी उमस भरी तपिश से बेहाल रहे। जिले के फलोदी कस्बे में पारा 45.2 डिग्री पर पहुंचा। वहां भीषण गर्मी ने लोगों को पसीना-पसीना कर दिया। जैसलमेर में पारा 45 और बाड़मेर में 44. 2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन-चार दिन तेज हवा चलती रहेगी। इससे तापमान में मामूली घटत-बढ़त होगी।
सूर्यनगरी में रविवार को न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह से तेज हवा बह रही थी। आसमान में बादल छाए हुए थे, जिससे आपेक्षिक आर्द्रता 71 फीसदी तक पहुंच गई। दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से वातावरण में उमस पैदा हो गई। उमस भरी तपिश से लोग हलकान होने लग गए। दोपहर में पारा 39.2 डिग्री रहा। लंबे अरसे बाद तापमान चालीस डिग्री के भीतर आया, लेकिन उमस भरा मौसम होने से गर्मी से अधिक राहत नहीं मिली। यह जरुर है कि तापमान कम होने से गर्म हवा के थपेड़ों से निजात मिली रही। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रही। जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 26.3 व अधिकतम 45 डिग्री मापा गया। बाड़मेर में रात का पारा 27.9 दिन का 44.2 डिग्री रहा।
अगले सप्ताह रहेगी गर्मी से राहत
मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह तापमान में विशेष उतार-चढ़ाव नहीं होगा पारा 45 डिग्री के नीचे ही रहेगा, जिससे गर्मी से राहत रहेगी। कुछ स्थानों पर तापमान 42 से 43 डिग्री के मध्य रहने का पूर्वानुमान है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/N1ZqrAp
0 comments:
Post a Comment