food poisoning - प्रतापनगर थानान्तर्गत चौपासनी रोड पर मैरिज गार्डन में आयोजित शादी समारोह के बाद खाना खाने से बुधवार को चार महिलाओं सहित दस जने बीमार हो गए। उल्टी व दस्त की शिकायत होने पर सभी को महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उप निरीक्षक रामकृष्ण ताडा के अनुसार चौपासनी रोड पर मैरिज गार्डन में मंगलवार रात शादी समारोह को लेकर खाना था। समारोह के बाद बुधवार दोपहर बर्तन साफ करने वाली महिलाओं व कैटरिंग काम करने वाले युवकों ने खाना खाया। कुछ घंटे बाद उन्हें उल्टियां व दस्त की शिकायत होने लग गई।
तबीयत अधिक खराब होने पर ईच्छा, आरती, पायल, किस्मत और अविनाश, रवि, जानकीलाल, रामूराम, सोहैल व अनिल को महात्मा गांधी अस्पताल की आपातकालीन इकाई लाया गया, जहां जांच के बाद उन्हें वार्ड में भर्ती किया गया। सूचना मिलने पर एसआइ रामकृष्ण ताडा अस्पताल पहुंचे और सभी बीमारों के बयान दर्ज किए। सभी की हालत खतरे से बाहर व स्थिर बताई जाती है। आरती का कहना है कि शादी समारोह के बाद बुधवार को उन्होंने आलू की सब्जी व पुड़ी के साथ गुलाब जामुन व रसगुल्ला खाए थे।
कलक्टर ने लिया संज्ञान, समुचित उपचार के निर्देश
जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता ने फूड पॉइजनिंग के मामले में संज्ञान लेते हुए उपखण्ड अधिकारी सुरेन्द्र राजपुरोहित को अस्पताल भेजा और सभी मरीजों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उपखण्ड अधिकारी ने अस्पताल में चिकित्सकों से मरीजों के संबंध में जानकारी ली। साथ ही मरीजों को आश्वस्त किया कि प्रशासन की ओर से हर संभव मदद की जाएगी। इलाज के बाद सभी की हालत स्थिर बताई जाती है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/X5LSOVt
0 comments:
Post a Comment