जोधपुर।
जिले के आंगणवा गांव में प्रस्तावित अनाज मंडी प्रदेश की अत्याधुनिक कृषि उपज मंडिय़ों में से एक होगी। राज्य सरकार ने राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि मंडी उपज समिति की ओर से आंगणवा कृषि मंडी के लिए भेजे गए ले आउट प्लान को स्वीकृति दे दी है। वहीं, अब जल्द ही यह मंडी आकार लेने लगेगी और यहां निर्माण कार्य शुरू होगा। जहां दुकानें, गोदाम सहित आधुनिक इंक्यूबेशन सेंटर सहित कई सुविधाएं विकसित की जाएगी। सरकार की ओर से आज से करीब एक वर्ष पूर्व गत 2 नवम्बर को मंडी समिति को आंगणवा में भूमि क्रय करने के लिए जोधपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) को राशि भुगतान की स्वीकृति दी गई थी। इसके बाद कृषि उपज मंडी समिति (अनाज) की ओर से जेडीए को भूमि खरीद के लिए करीब 16.53 करोड़ रुपए जमा कराए गए थे। जेडीए की ओर से भी प्रस्तावित अनाज मंडी के लिए जमीन मिल गई व आवंटन पत्र हो गया है।
---
यह होगा आंगणवा मंडी का स्वरूप
226- दुकान कम गोदाम
114- गोदाम
22- रिटेल दुकानें
50- वाणिज्यिक दुकानें
02- कोल्ड स्टोरेज
01- क्लीनिंग ग्रेडिंग यूनिट
01- आधुनिक इंक्यूबेशन सेंटर
03- एग्रो प्रोसेसिंग यूनिट
05- कवर्ड ऑक्शन प्लेटफॉर्म
01- ओपन ऑक्शन प्लेटफॉर्म
---
143 बीघा भूमि पर बनेगी मंडी
आंगणवा गांव में प्रस्तावित अनाज मंडी कुल 143 बीघा जमीन पर बनेगी। अनाज मंडी के लिए पूर्व में 90 बीघा जमीन कृषि मंडी समिति को आवंटित हो रखी है। इस जमीन के पास वाली करीब 53 बीघा जमीन की मांग करने पर यह जमीन कृषि मंडी समिति को दी गई है। जेडीए ने कृषि उपज मंडी समिति को कृषि भूमि की आरक्षित दर पर यह जमीन दी है। जबकि पूर्व में जेडीए कृषि मंडी समिति को यह जमीन कृषि भूमि की आरक्षित दर पर देने को तैयार नहीं था, और इस जमीन के लिए करीब 80 करोड़ रुपए की मांग कर रहा था। अब जेडीए यह जमीन 20 प्रतिशत बिना प्रशासनिक शुल्क के दे चुका है।
---
सरकार ने प्रस्तावित नई अनाज मंडी के लिए ले आउट प्लान पास कर दिया है। अब केन्द्र सरकार से अनुदान मिलते ही प्रस्तावित मंडी निर्माण प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
सुरेन्द्रसिंह राठौड़, सचिव
राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि उपज मंडी समिति
----
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3FR9pSR
0 comments:
Post a Comment