जोधपुर.
अरूणाचल प्रदेश से जारी एनओसी के आधार पर राजस्थान के परिवहन विभागों से फर्जी रजिस्ट्रेशन बनवाने और चोरी के वाहनों पर नम्बर लगाने के मामले में चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना पुलिस ने शुक्रवार को एक ट्रेलर जब्त कर दो जनों को गिरफ्तार किया।
थानाधिकारी लिखमाराम ने बताया कि गत 15 नवम्बर को चोरी की तीन लग्जरी कारों के साथ बालोतरा निवासी भगवान दास गोस्वामी, जोधपुर में पाल रोड पर बालाजी नगर द्वितीय निवासी मनीष गौड़ और जयपुर में शाहपुरा थानान्तर्गत करणी सागर निवासी विक्रम यादव को गिरफ्तार किया था। इनसे 25 फर्जी आरसी जब्त की गई थी। विक्रम यादव से पूछताछ में सामने आया कि फर्जी रजिस्ट्रेशन वाले वाहनों की जानकारी जुटाई गई। इन्हीं में शामिल एक ट्रेलर गुडग़ांव से गुजरात के मोरबी जाने का पता लगा। पुलिस ने सिरोही के अनादरा में नाकाबंदी कर एक ट्रेलर जब्त किया गया। जांच में सामने आया कि इसके इंजन व चैसिस नम्बर बदलकर फर्जी आरसी वाले इंजन व चैसिस नम्बर और आरसी नम्बर लिखे गए थे।
यह ट्रेलर मुकेश यादव ने खरीदा था। उसने नई दिल्ली के पुलिस स्टेशन में ट्रेलर चोरी की फर्जी एफआइआर दर्ज कराई थी। फिर अपने भाई राजेन्द्र यादव के मार्फत विक्रम यादव से फर्जी आरसी लेकर फर्जी इंजन-चैसिस व पंजीयन नम्बर चस्पां कर दिए थे।
विक्रम यादव से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर चालक सीकर में खण्डेला थानान्तर्गत पिपलोदा का बास निवासी जीतू शर्मा पुत्र मालीराम तिवाड़ी और ट्रेलर मालिक के भाई जयपुर में शाहपुरा थानान्तर्गत करणी सागर निवासी राजेन्द्र पुत्र रामचन्द्र यादव को गिरफ्तार किया। रिमाण्ड पर चल रहे विक्रम यादव के साथ दोनों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
कई और वाहन पुलिस के रडार पर
इस मामले में पुलिस अब तक तीन लग्जरी कारों के साथ मनीष गौड़, भगवानदास व विक्रम यादव को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, राजेन्द्र यादव व जीतू शर्मा को गिरफ्तार कर ट्रेलर जब्त किया है। आरोपियों से पूछताछ में फर्जी पंजीयन नम्बर लिखे कई और वाहन पुलिस के रडार पर हैं। जिनकी तलाश चल रही है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2Z34TAU
0 comments:
Post a Comment