धनतेरस पर त्रिपुष्कर योग के साथ उत्तरा फाल्गुनी और हस्त नक्षत्र का संयोग

पोस्ट पसंद आये तो लाइक जरुर करे ?

जोधपुर. अंधेरे पर उजाले की जीत व शांती-समृद्धि व आरोग्य के पंचपर्व का विधिवत शुभारंभ 2 नवम्बर धनतेरस से होगा। कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी धन त्रयोदशी के रूप में मनाई जाती है। प्रमुख ज्योतिषियों के अनुसार इस दिन धन के देवता कुबेर और मृत्यु के देवता यमराज की पूजा का विशेष महत्व है। इसी दिन सागर मंथन के दौरान भगवान धनवंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। गुरु पुष्य में जमकर खरीदारी के बाद अब धनतेरस को एक बार फिर सूर्यनगरी के बाजारों में जमकर धनवर्षा की उम्मीद है। इस बार धनतेरस पर निवेश का तीन गुना फल देने वाला त्रिपुष्कर योग बन रहा है। इस योग में सोना--चांदी भूमि भवन में निवेश करना लाभदायक होगा। धनतेरस का त्योहार दीपावली की शुरूआत माना जाता है। हिंदू धर्म में धनतेरस का दिन खरीदारी करने के लिए साल भर में सबसे शुभ दिन माना जाता है। इस दिन बर्तन, गहना, सोना-चांदी आदि खरीदने का रिवाज है।

त्रिपुष्कर योग में खरीदी जाने वाली वस्तु में होती है तीन गुणा बढ़ोतरी

धनतेरस के दिन बेहद शुभ समझा जाने वाले त्रिपुष्कर योग योग बन रहा है। इस योग में खरीदारी करने वालों का निश्चित तौर पर भाग्योदय होगा।यह शुभ योग मंगलवार और द्वादशी तिथि के संयोग से बनता है। हालांकि द्वादशी तिथि 1 नवंबर से प्रारंभ होकर 2 नवंबर को सुबह 11.30 बजे तक ही रहेगी। इसलिए त्रिपुष्कर योग का लाभ मंगलवार, 2 नवंबर को सूर्योदय से लेकर सुबह साढ़े 11 बजे तक ही उठाया जा सकता है। ज्योतिष अनीष व्यास ने बताया कि त्रिपुष्कर योग में खरीदारी करना बेहद शुभ माना जाता है। इस शुभ घड़ी में खरीदारी करने का लाभ तीन गुना तक बढ़ता है। उदाहरण के तौर पर, यदि त्रिपुष्कर योग में आप घर, वाहन या गहने खरीदते हैं तो भविष्य में इनके तीन गुना बढऩे की संभावनाएं अधिक होती हैं। इस अवधि में आप मनमुताबिक चीजें खरीदकर घर ला सकते हैं।

लाभ अमृत योग

धनतेरस पर दूसरा शुभ योग लाभ अमृत योग है। बाजार से नई चीजों की खरीदारी के लिए लाभ अमृत योग को उत्तम माना जाता है। धनतेरस पर सुबह साढ़े 10 बजे से लेकर दोपहर डेढ़ बजे तक लाभ अमृत रहेगा। त्रिपुष्कर योग और लाभ अमृत योग की अवधि को जोड़ लिया जाए तो धनतेरस पर सूर्योदय से लेकर दोपहर डेढ़ बजे तक खरीदारी करना शुभ रहेगा।

भौम प्रदोष व्रत

मंगलवार, 2 नवंबर को भौम प्रदोष व्रत व्रत भी पड़ रहा है। ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक, भौम प्रदोष व्रत और धनतेरस के संयोग में कुछ चीजों की खरीदारी के ज्यादा सकारात्मक परिणाम मिलते हैं। इस दिन घर, दुकान, जमीन या भूखंड अथवा प्रॉपर्टी के क्षेत्र में निवेश करने से बड़ा लाभ मिलता है।

पूजन का शुभ मुहूर्त

पंचांग के अनुसार धनतेरस का त्योहार कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है। इसके दो दिन बाद कार्तिक अमावस्या के दिन दीपावली का पर्व मनाया जाता है। इस साल त्रयोदशी तिथि 2 नवंबर को सुबह 11.31 मिनट से शुरू होकर 3 नवंबर को सुबह 9.02 मिनट तक रहेगी। धनतेरस का पूजन शुभ मुहूर्त प्रदोष काल शाम 5.35 से 8.14 तक तथा वृषभ काल शाम 6.18 से 8.14 तक रहेगा। धनतेरस के दिन यमराज के निमित्त प्रदोष काल में जलाया जाना चाहिए।

धनतेरस पर अपनी राशि के अनुसार खरीदारी

मेष राशि : इस राशि के जातकों को धनतेरस पर चांदी के बर्तन खरीदने चाहिए। ये उनके लिए बहुत ही लाभकारी होगा। चांदी खरीदने से भगवान कुबेर प्रसन्न होते हैं और उनके धन में अपार वृद्धि की संभावना होती है।

वृष राशि : जातकों को धनतेरस पर चांदी की वस्तु या आभूषण खरीदना बहुत ही शुभ है। वृष राशि का स्वामी ग्रह शुक्र है जो सुख, संपन्नता और वैभव का प्रतिनिधित्व करते हैं।

मिथुन राशि : राशि के जातकों को सोने के आभूषण खरीदने चाहिए और हरे रंग का घरेलू सामान खरीदना उनके लिए फलदायी रहेगा। मान्यता है कि आभूषण खरीदने से घर में धन संपदा बनी रहती है।

कर्क राशि : इस राशि के जातक चांदी का श्रीयंत्र धनतेरस के दिन ले सकते हैं। श्रीयंत्र लेने के बाद कुछ और भी खरीदें तो भी शुभ रहेगा।

सिंह राशि : इस राशि के जातकों के लिए सोना खरीदना अति उत्तम माना जाता है। धनतेरस पर सोने की वस्तु जैसे सोने के सिक्के, सोने के आभूषण और बर्तन खरीदना अत्यंत शुभ रहेगा।

कन्या राशि : कांसे या कीमती धातुओं की वस्तुओं की खरीदारी करने से आपके धन में वृद्धि होगी और धन को किसी शुभ जगह पर निवेश करने पर लाभ प्राप्त होगा।

तुला राशि : धनतेरस को शुभ और फलदायी बनाने के लिए तुला राशि के जातक सौंदर्य से संबंधित वस्तुएं खरीदें। चांदी के आभूषण या चांदी के सिक्के शुभ है।

वृश्चिक राशि : धनतेरस पर सोने के गहनें और सिक्के या फिर तांबे के बर्तन खरीदना चाहिए। इस दिन आप पीतल भी खरीद सकते हैं ।

धनु राशि : धनतेरस के दिन दिन वाहन और चांदी के बर्तन खरीदें। चांदी धनु राशि वालों के लिए अत्यंत शुभ मानी गयी है। इस दिन पर आपको चांदी के आभूषण, बर्तन, चांदी की सिक्के और वाहन खरीदना घर में समृद्धि लाएगा।

मकर राशि : वाहन और सजावट की चीजें खरीदना आपके लिए शुभ रहेगा। आप चांदी और स्टील के बर्तन भी खरीद सकते है। धनतेरस को वाहन खरीद रहे हैं तो उसकी अग्रिम बुकिंग कराना शुभ रहेगा।

कुंभ राशि : इस राशि स्वामी शनि है। ऐसे में आपके लिए चांदी और स्टील के बर्तन की खरीदारी करना शुभ और अत्यधिक फलदायी होगा। मीन राशि : राशि का स्वामी ग्रह गुरु है।

मीन राशि के जातक धनतेरस वाले दिन चांदी के बर्तन या आभूषण खरीदें। चांदी मीन राशि वालों के लिए अत्यंत शुभ मानी गयी है। चांदी के आभूषण खरीदना शुभ है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3nSq014
Share on Google Plus

About Atul

This is a short description in the author block about the author. You edit it by entering text in the "Biographical Info" field in the user admin panel.

0 comments:

Post a Comment